IPL समाचार : वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में रनों की बरसात कर रहे हैं। एलिमिनेटर में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 97 रन बना दिए थे। वह आईपीएल इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी लगाने का मौका चूक गए। क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल पहले दो ओवर में आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला।
पावरप्ले में वैभव सूर्यवंशी के 500 रन
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में 500 रन पूरे कर लिए हैं। गुजरात के खिलाफ पावरप्ले में उन्होंने 17 गेंदों पर 31 रन बनाए। एक आईपीएल सीजन के पावरप्ले में वैभव 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। आईपीएल 2026 में 16वीं पारी खेल रहे वैभव ने पावरप्ले में 502 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 232 का रहा है। 6 बार वैभव पावरप्ले में आउट हुए हैं। 502 रनों में वैभव ने 452 रन सिर्फ बाउंड्री से बनाए हैं। पावरप्ले में उनके बल्ले से 47 चौके और 44 छक्के निकले हैं।
डेविड वॉर्नर के नाम था रिकॉर्ड
आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम था। 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेविड वॉर्नर ने पावरप्ले में 467 रन बनाए थे। उस सीजन सनराइजर्स ने आईपीएल का खिताब भी जीता था। भारतीय बल्लेबाज में साई सुदर्शन ने 2025 में पावरप्ले में 402 रन बनाए थे।
आईपीएल के सीजन में पहले 6 ओवर में सबसे ज्यादा रन
- 502 रन- वैभव सूर्यवंशी (2026)
- 467 रन- डेविड वार्नर (2016)
- 402 रन- ट्रेविस हेड (2024)
- 402 रन- साई सुदर्शन (2025)
- 382 रन- एडम गिलक्रिस्ट (2009)
आईपीएल 2026 में वैभव के 700 रन भी पूरे
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में 700 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इस सीजन का ऑरेंज कैप पहले से ही उनके पास है। वह एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्का मारने वाले बल्लेबाज भी हैं।




