• 8 दिनों तक चलेगा खेलों का महाकुंभ
• 23,800 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
• 57 लाख से अधिक की पुरस्कार राशि
नागपुर समाचार : केंद्रीय मंत्री की संकल्पना से आयोजित होने वाला देश का पहला ग्रासरूट स्तर का “खासदार क्रीडा महोत्सव सीझन-8” इस वर्ष 31 मई से 7 जून 2026 तक नागपुर शहर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन संयोजक एवं पूर्व विधायक के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नागपुर के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना है।

“खेलो नागपुर खेलो” की थीम पर आधारित यह विशाल क्रीड़ा महोत्सव शहर के 20 विभिन्न मैदानों पर आयोजित होगा। महोत्सव का भव्य उद्घाटन 31 मई को प्रातः 5:30 बजे यशवंत स्टेडियम, धंतोली में किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इस वर्ष महोत्सव में कुल 18 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें रन नागपुर रन, योगासन, खो-खो, एथलेटिक्स, कैरम, रोलर स्केटिंग, बेंचप्रेस, बैडमिंटन, शतरंज, हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक, कुश्ती, कबड्डी और स्विमिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। स्कूल स्तर से लेकर वरिष्ठ वर्ग तक के खिलाड़ियों को इसमें भाग लेने का अवसर मिलेगा।
महोत्सव की शुरुआत 31 मई को सुबह 5 बजे मैराथन प्रतियोगिता से होगी। पुरुष, महिला तथा अंडर-16 वर्ग के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 3 लाख 28 हजार रुपए की नकद पुरस्कार राशि रखी गई है। इसके बाद सुबह 6:30 बजे सभी नागरिकों के लिए खुली 3 किलोमीटर “रन नागपुर रन” स्पर्धा आयोजित होगी। दोनों स्पर्धाओं की प्रवेश शुल्क केवल 10 रुपए निर्धारित की गई है। पंजीयन की अंतिम तिथि 28 मई 2026 है।
“रन नागपुर रन” में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट, मेडल, प्रमाणपत्र और स्नैक्स प्रदान किए जाएंगे। साथ ही आकर्षक लकी ड्रॉ भी रखा गया है। प्रथम पुरस्कार बजाज चेतक, द्वितीय पुरस्कार ईवी मोटरसाइकिल, तृतीय पुरस्कार ईवी साइकिल, चौथे से छठे पुरस्कार तक स्पोर्ट्स साइकिल तथा सातवें से दसवें पुरस्कार तक स्पोर्ट्स शूज दिए जाएंगे। सबसे कम और अधिक आयु के प्रतिभागियों तथा फैमिली सहभागिता के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं।
टी-शर्ट और चेस्ट नंबर वितरण 29 एवं 30 मई को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक यशवंत स्टेडियम में किया जाएगा।
खासदार क्रीडा महोत्सव के माध्यम से 18 खेल, 20 मैदान और 5,450 मुकाबलों के जरिए 23,800 से अधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। मैदानी खेलों से लेकर इनडोर, जलक्रीड़ा, योगासन और एथलेटिक्स तक सभी प्रकार के खेलों को शामिल किए जाने से यह आयोजन नागपुर के क्रीड़ा इतिहास का सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के डॉ. पियुष आंबुलकर, डॉ. संभाजी भोसले, सचिन देशमुख, डॉ. विवेक अवसरे, डॉ. पद्माकर चारमोडे, अश्फाक शेख, आशिष मुकीम, प्रकाश चांद्रायण, नागेश सहारे, सुनील मानेकर, सचिन माथने, लक्ष्मीकांत किरपाने, विशाल लोखंडे, नवनीत तुली, सतीश वडे, सौरभ मोहोड, धनंजय उपासनी, अमित संपत तथा संदेश खरे सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं।




