IPL समाचार : आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने ऐसा प्रदर्शन किया कि स्टेडियम से लेकर सोशल मीडिया तक सिर्फ टीम की ही चर्चा होने लगी. लंबे समय से टीम को सपोर्ट कर रहे फैन्स की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. जैसे ही गुजरात टाइटंस की आखिरी उम्मीद टूटी, वैसे ही बेंगलुरु के खिलाड़ियों और फैंस का जश्न शुरू हो गया. टीम ने गुजरात को 92 रन के बड़े अंतर से हराकर सीधे फाइनल में जगह बना ली है. हर खिलाड़ी ने अपने रोल को शानदार तरीके से निभाया और टीम ने एकतरफा अंदाज में मुकाबला जीत लिया.
हालांकि, इस हार के बावजूद गुजरात के पास फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए एक और मौका होगा. यह टीम 29 मई को क्वालीफायर-2 में एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम के खिलाफ उतरेगी. इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल का अंतिम टिकट हासिल करेगी.

रजत पाटीदार-क्रुणाल पांड्या की शानदार पारी
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बैंगलोर ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए. इस टीम को 21 के स्कोर पर वेंकटेश अय्यर (19) के रूप में पहला झटका लगा. इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 72 रन जोड़कर टीम को 93 के स्कोर तक पहुंचाया.
9वें ओवर की दूसरी गेंद पर कोहली को जेसन होल्डर ने बोल्ड किया. कोहली 25 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 43 रन बनाकर आउट हुए. इसी ओवर की चौथी गेंद पर पड्डिकल (30 रन) भी आउट हुए. इस टीम ने 94 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे. यहां से कप्तान रजत पाटीदार ने क्रुणाल पांड्या के साथ चौथे विकेट के लिए 45 गेंदों में 95 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
गुजरात टाइटंस 162 रन पर ही सिमट गई
क्रुणाल पांड्या 28 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 43 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान पाटीदार ने टिम डेविड के साथ 25 रन और जितेश शर्मा के साथ 12 गेंदों में 40 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 254 के स्कोर तक पहुंचा दिया. विपक्षी खेमे से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट हासिल किया.
इसके जवाब में गुजरात टाइटंस 19.3 ओवरों में 162 रन पर सिमट गई. इस टीम को 17 के स्कोर पर साईं सुदर्शन (14) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद निरंतर अंतराल पर टीम के विकेट गिरते रहे.
तेवतिया और सिराज ने 68 रन बनाए
गुजरात टाइटंस ने 51 के स्कोर पर जोस बटलर (29), निशांत संधू (5) और जेसन होल्डर (0) के विकेट गंवाए. आलम ये रहा कि टीम ने 88 के स्कोर तक अपना 8वां विकेट भी खो दिया था. जिसके बाद राहुल तेवतिया (68) ने मोहम्मद सिराज के साथ 68 रन की साझेदारी की, लेकिन टाइटंस को जीत नहीं दिला सके.
आरसीबी की तरफ से जैकब डफी ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए. इनके अलावा, भुवनेश्वर कुमार, रासिख सलाम डार और क्रुणाल पांड्या ने 2-2 विकेट निकाले. जोश हेजलवुड ने 1 विकेट हासिल किया.




