IPL समाचार : तिलक वर्मा की नाबाद 75 रनों की पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को धर्मशाला के मैदान पर पंजाब किंग्स को 6 विकेट से मात दी। शार्दुल ठाकुर की शानदार गेंदबाजी के चलते पंजाब किंग्स बेहतर शुरुआत के बावजूद 200 रन ही बना सकी। 201 रन के टारगेट को मुंबई ने 1 गेंद पहले चेज कर लिया। पंजाब किंग्स की यह लगातार 5वीं हार है।
मुंबई की ओर से शार्दुल ने चार ओवर में 39 रन देकर टीम के लिए महत्वपूर्ण चार विकेट झटके। उन्होंने प्रभसिमरन, श्रेयस अय्यर, सूर्यांश और मार्को जेनसेन को पवेलिन भेजा। शार्दुल ने 11वें ओवर में दो विकेट और 13वें तथा 16वें ओवर में एक-एक विकेट लेकर पंजाब को डबल सेंचुरी पर रोक दिया।

पंजाब किंग्स की ओर से प्रभसिमरन सिंह ने फिफ्टी लगाई। अंत में अजमतुल्लाह उमरजई ने 38 रन की तूफानी पारी खेली। मुंबई के कप्तान जसप्रीत बुमराह ने पंजाब के विरुद्ध सात गेंदबाजों को मौका दिया। दीपक को दो और कार्विन व बाबा सहित बुमराह को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले, प्रियांश और प्रभसिमरन ने पंजाब को अच्छी शुरुआत दी। प्रियांश और प्रभसिमरन के बीच 50 रन की साझेदारी हुई, जबकि प्रभसिमरन की कनोली के साथ 57 रन की साझेदारी भी महत्वपूर्ण रही। उमरजाई ने 17 गेंदों में 38 रन का योगदान दिया, जिसमें उनके चार छक्के शामिल हैं। इस प्रकार, पंजाब ने नौ विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए।
पावरप्ले में पंजाब ने बनाए 55 रन
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पावर प्ले में छह ओवर में पंजाब ने एक विकेट के नुकसान पर 55 रन बनाए। दीपक चाहर ने प्रियांश आर्य को छठे ओवर की तीसरी गेंद में बोल्ड कर दिया। प्रियांश ने टीम के लिए 22 रन बनाए, जिसमें उनके चार चौके भी शामिल हैं। दीपक चाहर की पहले ओवर की दूसरी गेंद में प्रियांश आर्य ने चौका जड़कर टीम का खाता खोला। पहले ओवर में टीम के लिए सात रन आए।
नमन ने प्रभसिमरन का छोड़ा कैच
दूसरे ओवर में बुमराह खुद गेंदबाजी करने उतरे। तीसरी गेंद में प्रभसिमरन का कैच स्लिप पर नमन धीर से छूटा और उन्हें जीवनदान मिला। चौथी ही गेंद में उन्होंने चौका जड़ दिया। शार्दुल की गेंद पर प्रभसिमरन को 57 रन पर कार्विन ने कैच आउट किया। इसके बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर को शार्दुल ठाकुर ने बोल्ड कर एक और बड़ा झटका दिया। कोनोली को गेंदबाज राज अंगद बावा ने बोल्ड कर पवेलिन भेजा।
प्रभसिमरन को छोड़कर पंजाब का कोई भी बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका। प्रभसिमरन ने सबसे अधिक चार छक्के मैदान के चारों तरफ लगाए। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस टीम बेशक प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है, लेकिन धर्मशाला में पंजाब किंग्स के साथ मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर विश्वास जताते हुए टीम प्रबंधन ने बुमराह को कप्तान बनाया है।
201 रन चेज करने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा और रियान रिकल्टन ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने 39 गेंदों पर 61 रन जोड़े। फिफ्टी की करीब पहुंचकर रियान कैच आउट हो गए। उन्होंने 23 गेंदों पर 48 रन जड़े। रोहित ने 26 गेंदों पर 25 रन की धीमी पारी खेली। नमन धीर (9) बल्ले से फेल रहे। इसके बाद तिलक वर्मा ने पहले शेरफेन रदरफोर्ड (20) फिर विल जैक्स (25) के साथ पारी को संभाला और मुंबई को जीत दिला दी। तिलक 33 गेंदों पर 75 रन बनाकर नाबाद रहे।




