- Breaking News, नागपुर समाचार, सम्मानित

नागपुर समाचार : सफल व्यक्ति से बढ़ता है आत्मविश्वास, पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल और आयरन मैन दक्ष खंते सम्मानित

नागपुर समाचार : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि एक सफल व्यक्ति को देखकर हमारी क्षमताओं पर हमारा विश्वास जागृत होता है और आशा का संचार होता है। आज यह पुरस्कार मिलना विजेताओं के लिए सम्मान की बात है; साथ ही शहर के लिए भी गौरव की बात है। नाग भूषण पुरस्कार फाउंडेशन द्वारा रविवार को होटल रेडिसन ब्लू में ‘नाग भूषण’ और ‘युवा नाग भूषण’ पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान भागवत ने उपस्थित लोगों का मार्गदर्शन किया। 

२०२५ का ‘नाग भूषण’ पुरस्कार रक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और निरंतर सामाजिक सेवा के लिए सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल को प्रदान किया गया, वहीं २०२५ का ‘युवा नाग भूषण’ पुरस्कार विश्व के सबसे युवा आयरन मैन दक्ष खंते को दिया गया जिन्होंने भारत का नाम रोशन किया और देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने। यह पुरस्कार सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत द्वारा प्रदान किया गया। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस मुख्य अतिथि थे। मंच पर संगठन के अध्यक्ष अजय संचेती, कार्यकारी अध्यक्ष विलास काले, राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, सतीश गोयल उपस्थित थे। भागवत ने आगे कहा कि सफलता की कुंजी १० प्रतिशत प्रेरणा और ९० प्रतिशत मेहनत है। इस पुरस्कार के विजेता और इससे पहले यह पुरस्कार प्राप्त कर चुके लोगों में गडकरी और फड़णवीस आज भी सचेत, विनम्र और कृतज्ञ हैं। ये उदाहरण देश के मानसिक साहस को बढ़ाते हैं।

पुरस्कार मिलने पर पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल ने कहा कि यह सम्मान मेरे परिवार और मेरी टीम का है। राष्ट्रीय रक्षा का अर्थ है ईश्वर की पूजा। यह पुरस्कार मुझे हमेशा ऊर्जा और प्रेरणा देगा। नुवाल को पुरस्कार में १,००,००० रुपये नकद, शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आज देश को पद्मश्री नुवाल पर गर्व है, वहीं भावी पीढ़ी के लिए आदर्श माने जाने वाले दक्ष के साहसिक कार्यों का भी विशेष महत्व है। दोनों ने ही विश्व के कोने-कोने में भारत का नाम रोशन कर अपनी शक्ति सिद्ध की है। मुख्यमंत्री फड़णवीस ने कहा कि दक्ष के भाषण ने मुझे आज प्रेरित किया। दक्ष और देश की रक्षा में योगदान देने वाले पद्मश्री नुवाल का सम्मान योग्य है। अपने शहर के दिग्गजों द्वारा पुरस्कार प्राप्त करने का आनंद विशेष है। आज हमारा गौरव भी बढ़ा है। प्रास्ताविक अजय संचेती, स्वागत भाषण विलास काले, संचालन श्रद्धा भारद्वाज और धन्यवाद ज्ञापन निशांत गांधी ने किया। इस अवसर पर ‘नवभारत’ समूह के प्रबंध संपादक निमिष माहेश्वरी, शैलेश जोगलेकर, आईआईएम के निदेशक डॉ. भीमराया मेत्री, सुनील देशपांडे समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपनी भावना व्यक्त करते हुए दक्ष एकता अमोल खते ने कहा कि ‘इट टेक्स अ विलेज टू रेंज अ चाइल्ड.’ जिस तरह सफलता के पंख फैलाना अनमोल है उसी तरह परिवार की नींव भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मेरी मां मेरे लिए कड़ी मेहनत करती है और मेरे पिता मेरा मौन सहारा हैं। कई लोगों ने मेरी सफलता में योगदान दिया है। युवाओं से अपील है कि वे अपने आराम के दायरे से बाहर निकले और कड़ी मेहनत करे। पुरस्कार के रूप में खते को ५०,००० रुपये नकद, शॉल और श्रीफल दिया गया।