IPL समाचार : लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला भले ही लो-स्कोरिंग रहा लेकिन इसमें रोमांच हाई रहा। दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले का नतीजा सुपर ओवर के जरिए निकला। कोलकाता ने मैच में जीत हासिल की और सीजन की दूसरी जीत दर्ज की। कोलकाता ने रिंकू के 83 रनों की बदौलत 155 रन बनाए थे। इसके बाद मोहम्मद शमी के छक्के से लखनऊ ने भी 155 रन बना लिए।
कोलकाता और लखनऊ के बीच मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिए हुआ। सुनील नरेन ने सुपर ओवर में कमाल की गेंदबाजी की और मात्र 1 रन दिए। कोलकाता ने मुकाबले को सुपर ओवर में अपने नाम किया। ये आईपीएल 2026 का पहला सुपर ओवर भी है। केकेआर के लिए इस मैच के हीरो रिंकू सिंह रहे, जिन्होंने पहले 83 रन बनाए और फिर 4 कैच लपके। सुपर ओवर में भी जीत का चौका उन्होंने ही लगाया।

सीजन के पहले आब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड का शिकार बने रघुवंशी
केकेआर के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी आश्चर्यजनक रूप से आउट हुए। वह प्रिंस यादव की गेंद पर रन लेने के लिए दौड़े। इसी बीच मोहम्मद शमी ने शानदार फील्डिंग करते हुए स्टंप को निशाना बनाया, लेकिन रघुवंशी विकेट के सामने पाए गए। नियमानुसार उन्हें आब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड (फील्डिंग में बाधा डालना) आउट दिया गया। टीवी अंपायर ने रिप्ले में देखा कि रघुवंशी गेंद की दिशा को देख रहे थे और क्रीज पर लौटने के दौरान उन्होंने जानबूझकर अपनी लाइन बदल ली थी। पंत की अपील पर थर्ड अंपायर ने उन्हें नियमों के तहत आउट करार दिया।
मोहसिन खान का खतरनाक स्पेल
मोहसिन खान के खतरनाक स्पेल की बदौलत 10.5 ओवर में सिर्फ 73 रन के कुल स्कोर पर केकेआर की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में रिंकू सिंह सिंह (नाबाद 83) एक बार फिर टीम के संकट मोचक साबित हुए। उन्होंने क्रीज पर जमने के बाद तूफानी पारी खेलकर कोलकाता नाइटराइडर्स को 155 रनों के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। मोहसिन खान ने अजिंक्य रहाणे, टिम साइफर्ट, रोवमन पावेल, कैमरन ग्रीन और अनुकूल रॉय को अपना शिकार बनया। उन्होंने 4 ओवर में मात्र 23 रन खर्चे और 5 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान खान ने एक मेडन ओवर भी डाला।
आखिरी के पांच ओवर में कोलकाता ने बनाए 62 रन
रिंकू सिंह जब बल्लेबाजी करने उतरे तो केकेआर का स्कोर 10.5 ओवर में 73 रन था और टीम पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर अनुकूल रॉय भी आउट हो गए। ऐसे में रिंकू के सामने विकेट बचाने के साथ रनगति को आगे बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी थी। बाएं हाथ के आक्रामक खिलाड़ी ने अपने चिर-परिचित अंदाज के विपरीत बल्लेबाजी की। केकेआर ने 15 ओवर में 93 रन पर रमनदीप सिंह के रूप में अपना सातवां विकेट गंवा दिया।
रिंकू सिंह ने राठी के ओवर में ठोके 4 छक्के
रिंकू ने इसी बीच 42 गेंदों पर छह चौके व एक छक्के की मदद से सीजन का दूसरा अर्धशतक पूरा किया। 19 ओवर की समाप्ति के बाद केकेआर का स्कोर 133/7 था। पंत ने पारी का आखिरी ओवर स्पिनर दिग्वेश राठी को दिया। रिंकू राठी पर कहर बनकर टूट पड़े। पहली और तीसरी गेंद वाइड रही, लेकिन इसके बाद उन्होंने तीन मिडऑन और एक मिडऑफ के ऊपर से लगातार चार छक्के जड़कर केकेआर को 150 रनों के पार पहुंचाया। रिंकू सिंह ने अपनी आतिशी पारी में सात चौके व पांच छक्के लगाए। आइपीएल में यह उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है।
लखनऊ की खराब शुरुआत
रिंकू की 83 रनों की पारी के बाद कोलकाता ने 155 रनों का स्कोर खड़ा किया। 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। मिचेल मार्श 2 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद ऐडन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत के बीच साझेदारी हुई। हालांकि, मार्करम को ग्रीन ने 31 रनों के स्कोर पर मैदान से बाहर भेजा। पंत भी 38 गेंदों पर 42 रन बनाकर आउट हो गए।
कोलकाता के स्पिनरों की कसी हुई गेंदबाजी
कोलकाता के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन और अनुकूल रॉय ने कसी हुई गेंदबाजी की। लखनऊ के बल्लेबाजों को खुलकर शॉट्स नहीं खेलने दिए। निकोलस पूरन ने चक्रवर्ती के खिलाफ एक छक्का लगाया लेकिन उसके बाद लगातार डॉट गेंदें खेली फिर ओवर की आखिरी गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। नरेन ने 4 ओवर में मात्र 23 रन खर्च किए और एक विकेट हासिल किया। लखनऊ की आधी टीम 15.2 ओवरों में 93 रनों के स्कोर पर पवेलियन वापस लौट गई। चक्रवर्ती ने भी 33 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
19वें ओवर में बने 11 रन
इस मुकाबले का रोमांच आखिरी दो ओवरों तक भी बना रहा। आखिरी दो ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 28 रनों की दरकार थी। लखनऊ के लिए जॉर्ज लिंडे और हिम्मत सिंह बल्लेबाजी कर रहे थे। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर लिंडे बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद मोहम्मद शमी ने एक चौका लगाया, जबकि हिम्मत सिंह ने आखिरी बॉल पर चौका लगाया। इस तरह लखनऊ को आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रनों की जरूरत थी।
मोहम्मद शमी के छक्के से टाई हुआ मैच
शमी पहली गेंद को बल्ले से कनेक्ट नहीं कर सके लेकिन एक रन चुरा लिया और स्ट्राइक पर हिम्मत पहुंच गए। इसके बाद कार्तिक त्यागी ने लगातार दो नो-बॉल फेंकी। इसके बाद फ्री हिट पर हिम्मत ने चौका लगाया और एलएसजी को 4 गेंदों पर 8 रनों की जरूरत थी। हालांकि, तीसरी गेंद पर हिम्मत सिंह आउट हो गए। दो गेंदों पर लखनऊ को 7 रनों की जरूरत थी लेकिन 5वीं बॉल पर कोई रन नहीं बना। ऐसे में आखिरी बॉल पर जीत के लिए 7 रनों की जरूरत थी लेकिन शमी ने छक्का लगाया और मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया। ये आईपीएल 2026 का पहला सुपर ओवर था।
कोलकाता के लिए सुपर ओवर में नरेन की शानदार गेंदबाजी
सुपर ओवर में कोलकाता की तरफ से स्पिनर सुनील नरेन ने गेंदबाजी की। तो वहीं लखनऊ के लिए ऐडन मार्करम और निकोलस पूरन बल्लेबाजी करने के लिए आए। नरेन ने पहली ही गेंद पर पूरन को क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद कप्तान पंत बल्लेबाजी करने के लिए आए। उन्होंने एक रन लिया और स्ट्राइक पर मार्करम पहुंचे। वे बड़ा शॉट लगाने के लिए गए लेकिन दौड़ते हुए रोवमैन पॉवेल ने गेंद को लपक लिया। उनका बैलेंस बिगड़ गया और इस वजह से उन्होंने गेंद को अंदर फेंका और वहां पर खड़े रिंकू सिंह ने कैच पकड़ लिया। ऐसे में सुपर ओवर में लखनऊ की पारी एक रन पर समाप्त हो गई और कोलकाता को जीत के लिए 2 रन की जरूरत थी।
कोलकाता ने जीता मुकाबला
कोलकाता को सुपर ओवर में जीत के लिए 2 रनों की जरूरत थी। लखनऊ की तरफ से तेज गेंदबाज प्रिंस यादव गेंदबाजी करने के लिए आए। कोलकाता के लिए रिंकू सिंह और रोवमैन पॉवेल बैटिंग करने के लिए आए। रिंकू ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर कोलकाता को जीत दिलाई। इसी के साथ केकेआर ने सीजन की दूसरी जीत दर्ज की। उन्होंने प्लेऑफ दी उम्मीदों को भी जिंदा रखा है।




