एडवोकेट मनुजा नीलेश तिवारी के मार्गदर्शन में भव्य आयोजन
नागपुर समाचार : सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय श्री तारा बहुउद्देशीय संस्था द्वारा चंदननगर क्षेत्र में पहली बार सात दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। संस्था की अध्यक्षा एडवोकेट मनुजा नीलेश तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम शुक्रवार, 27 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक चंदननगर स्थित बास्केटबॉल मैदान में आयोजित होगा।
इस धार्मिक आयोजन में प्रयागराज से पधार रहे रामानुजाचार्य स्वामी श्रीधराचार्य महाराज अपने मधुर वाणी में श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। प्रतिदिन सायंकाल 5 बजे से रात 8 बजे तक होने वाली इस प्रवचनमाला में श्रद्धालु भक्तों को श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 27 मार्च को कलश यात्रा एवं कथावाचक के आगमन के साथ होगी, जिसमें रामकथा का प्रथम दिवस आरंभ होगा। इसके पश्चात विभिन्न दिनों में सती चरित्र, शिव विवाह, नारद मोह, रावण जन्म, श्रीराम जन्मोत्सव, बाल लीलाएं, जनकपुर प्रवेश, वनगमन, केवट प्रसंग, सीता हरण, शबरी प्रसंग, धनुष यज्ञ, श्रीराम-जानकी विवाह, राम-हनुमान मिलन, सेतु निर्माण, लंका दहन और रावण वध जैसे पौराणिक प्रसंगों पर विस्तार से प्रवचन होंगे। समापन अवसर पर श्रीराम राज्याभिषेक एवं हवन का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन की सफलता हेतु संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य लगातार प्रयासरत हैं। उपाध्यक्ष शालू चवरे, कोषाध्यक्ष नीलेश तिवारी, सचिव भूपेश ठाकुर सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही समाज के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों का भी मार्गदर्शन इस आयोजन को प्राप्त हो रहा है।




