- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : राष्ट्रपति के दौरे को लेकर वर्धा रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

नागपुर समाचार : शहर के एमआईडीसी यातायात परिमंडल के अंतर्गत कल जामठा स्थित ब्रह्माकुमारी विश्वशांति सरोवर परिसर में भारत के राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के मद्देनज़र शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति को देखते हुए नागपुर-वर्धा मार्ग पर यातायात दबाव बढ़ने की संभावना जताई गई है। इसी पार्श्वभूमि में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने हेतु पुलिस उपायुक्त (यातायात) लोहित मतानी द्वारा विशेष आदेश जारी किए गए हैं।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी अधिसूचना के अनुसार वर्धा मार्ग से नागपुर, जबलपुर एवं भंडारा की ओर जाने वाले सभी भारी वाहन डोंगरगांव टोल नाका से बाएं मुड़कर गुमगांव मार्ग होते हुए समृद्धि जीरो सर्कल से आगे भेजे जाएंगे। बुट्टीबोरी मार्ग से आने वाली भारी वाहनों की आवाजाही दाताला मार्ग के जरिए समृद्धि जीरो सर्कल की ओर मोड़ी जाएगी। अमरावती से समृद्धि महामार्ग द्वारा नागपुर आने वाले भारी वाहनों को समृद्धि जीरो सर्कल अथवा वृंदावन कटिंग क्षेत्र में अस्थायी रूप से रोका जाएगा। पांजरी टोल नाका से आने वाले वाहनों को आवश्यकतानुसार वहीं रोका जाएगा, जबकि समृद्धि मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों को अनुमति दी जाएगी। नागपुर से वर्धा

जाने वाली वाहनों की आवाजाही निर्धारित स्थानों पर आवश्यकतानुसार डायवर्ट अथवा नियंत्रित की जाएगी। यातायात नियंत्रण हेतु नियुक्त सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परिस्थितिनुसार वाहनों को रोकने या मार्ग परिवर्तित करने के अधिकार प्रदान किये गए हैं।

यह यातायात अधिसूचना कल से 26 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे वीआईपी दौरे के दौरान यातायात सुचारू बना रहे।