महानगरपालिका के भूखंडों को फ्री होल्ड करने के लिए मुंबई में बैठक, विस्तार से हुई चर्चा
नागपुर समाचार : नागपुर महानगरपालिका क्षेत्र में मनपा के स्वामित्व याले लेआउट (अभिन्यास) की लीज पर दिए गए भूखंडों को मालिकाना हक (फ्री होल्ड) देने को लेकर मुंबई में सोमवार को मंत्री शंभुराज देसाई की मौजूदगी में बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में तय हुआ कि लीज की जमीन का मालिकी हक देने के प्रस्ताव को जल्द से जल्द कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा ताकि संबंधित लेआउट में रहने वालों को इसका लाभ मिल सके. ज्ञात हो कि संबंधित मसले को विधानसभा के दौरान ध्यानाकर्षण अंतर्गत विधायक प्रवीण दटके ने उठाया था. बैठक के दौरान विधायक दटके ने संबंधित मामले में विस्तार से प्रजेंटेशन दिया।
विधायक दटके ने बताया कि महानगरपालिका के अधीन कुल 22 लेआउट हैं, जिनमें से 7 लेआउट 30-40 वर्ष पुराने हैं, जबकि 15 लेआउट नागपुर महानगरपालिका के अस्तित्व में आने से पहले, लगभग 90 वर्ष पूर्व से लीज पर दिए गए हैं. संबंधित लेआउटों में 6 हजार के करीब प्लॉट हैं. जिन पर दो लाख के करीय नागरिक वर्षों से रह रहे हैं. ये भूखंड मांग के अनुसार आवंटित किए गए थे और कुछ भूखंड आवासीय उपयोग के लिए दिए गए हैं. भूखंड आवंटन के समय नागरिकों से प्रीमियम लिया गया था तथा बाजार भाव के अनुसार राशि वसूल की गई थी. दटके ने सुझाव दिया कि जिस नीति के तहत राजस्व विभाग ने नजूल जमीनों को फ्री होल्ड किया, उसी नीति पर विचार किया जाए।
इस अवसर पर मंत्री शंभूराज देसाई ने निर्देश दिए कि राज्य के अन्य जिलों में फ्री होल्ड के लिए की गई कार्यवाही का अध्ययन किया जाए तथा नागपुर और अमरावती विभाग में लागू नजूल नीति की जानकारी लेकर नगर विकास मंत्री के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि यह एक नीतिगत निर्णय है, इसलिए इसे कैबिनेट बैठक के लिए प्रस्तावित किया जाए. बैठक में सहसचिव विद्या हम्पय्या, मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी आदि उपस्थित थे।
आयुक्त की भूमिका की तरफ निगाहें
फ्री होल्ड के मसले को हल करने के लिए मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी की भूमिका अहम होगी. कैबिनेट की मंजूर के बाद फ्री होल्ड करने के फार्मूले को तय किया जाएगा. उसके बाद फार्मूले पर अमल करना होगा. नासुप्र व नजूल के फार्मूले की तर्ज पर मनपा को भी तत्काल निर्णय लेना होगा. लोगों की निगाहें आयुक्त की भूमिका पर टिकी हुई हैं।
नासुप्र की जमीन को लेकर भी चर्चा
नागपुर सुधार प्रन्यास की तरफ से 90 वर्ष से अधिक की लीज पर निवासी उपयोग के 55719, औद्योगिक उपयोग के 2163 और वाणिज्यिक उपयोग के 4015 प्लॉट दिए गए हैं. संबंधितों को फ्री होल्ड करने को लेकर पिछले विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों की मौजूदगी में चर्चा हुई थी. संबंधित मामले में विस्तार से प्रस्ताव तैयार किया गया है. इस पर भी सकारात्मक निर्णय लिए जाने के आसार हैं।




