- Breaking News, आयोजन, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : ‘एडवांटेज विदर्भ 2026 – खासदार औद्योगिक महोत्सव’ का 6 फरवरी को उद्घाटन, महोत्सव की तैयारियाँ अंतिम चरण में

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रहेंगे उपस्थित

नागपुर समाचार : एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (AID) द्वारा आयोजित ‘एडवांटेज विदर्भ 2026 – खासदार औद्योगिक महोत्सव’ के तीसरे संस्करण का उद्घाटन शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय परिसर, अंबाझरी–अमरावती मार्ग, नागपुर में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री एवं खासदार औद्योगिक महोत्सव के प्रणेता माननीय श्री नितिन गडकरी करेंगे, जबकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री माननीय श्री देवेंद्र फडणवीस प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री माननीय श्री चंद्रशेखर बावनकुले, रोजगार मंत्री माननीय श्री आकाश फुंडकर, वित्त राज्यमंत्री माननीय श्री आशीष जयस्वाल, शिक्षा राज्यमंत्री माननीय श्री पंकज भोयर तथा उद्योग एवं पर्यटन राज्यमंत्री माननीय श्री इंद्रनील नाइक भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री बालसुब्रमण्यम प्रभाकरन, अदानी समूह (एयरपोर्ट्स) के निदेशक श्री जीत अदानी, तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा के कार्यकारी निदेशक श्री राजेश जेजुरिकर भी प्रमुख रूप से शामिल होंगे। साथ ही पर्नोड रिकार्ड इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक श्री जीन टोबूल, उद्योग, ऊर्जा एवं श्रम विभाग के सचिव डॉ. पी. अनबलगन (आईएएस) तथा मुख्यमंत्री के सलाहकार (निवेश, उद्योग एवं प्रौद्योगिकी) श्री कौस्तुभ धवसे की भी उपस्थिति रहेगी।

“एम्पावरिंग ग्रोथ” की संकल्पना पर आधारित यह तीन दिवसीय भव्य औद्योगिक महोत्सव विदर्भ की औद्योगिक क्षमता, नवाचार और निवेश संभावनाओं को प्रदर्शित करने वाला विशाल औद्योगिक प्रदर्शनी मंच होगा। महोत्सव की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं तथा मुख्य सभागृह, प्रदर्शनी हॉल और सत्र सभागृह पूरी तरह तैयार हैं। विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करने के लिए अंतिम सजावट का कार्य तीव्र गति से जारी है।

अंतरराष्ट्रीय व्यापार सम्मेलन (इंटरनेशनल बिजनेस कॉन्क्लेव) इस बार के एडवांटेज विदर्भ 2026 का प्रमुख आकर्षण होगा, जिसमें 23 से अधिक देशों के राजदूत और व्यापार प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त रक्षा, खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी, मत्स्य व्यवसाय, शिक्षा, स्टार्टअप्स, पेटेंट एवं नवाचार, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन एवं आतिथ्य, सेबी से संबंधित विषय, कोयला, इस्पात तथा औषधि निर्माण जैसे विविध क्षेत्रों पर तकनीकी सत्रों का आयोजन किया जाएगा।

सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम

इस औद्योगिक महोत्सव में सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रमों की भी आकर्षक श्रृंखला होगी। 6 फरवरी को शाम 6 बजे नागपुर की प्रसिद्ध गायिका श्रीनिधि घटाटे का लाइव कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा। 7 फरवरी को शाम 7 बजे MKSSS स्कूल ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी द्वारा फैशन शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। 8 फरवरी को शाम 7 बजे ‘सितार सिम्फनी’ नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गेमिंग ज़ोन, नागपुर फूड फेस्टिवल, ई-वी एक्सपो, तथा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में उपयोग किए गए ड्रोन के माध्यम से भव्य ड्रोन शो भी विशेष आकर्षण होंगे।

विशेष आकर्षण

• श्रीनिधि घटाटे का लाइव कॉन्सर्ट

• ‘सितार सिम्फनी’ सांस्कृतिक कार्यक्रम

• फैशन शो एवं ड्रोन शो

• गेमिंग ज़ोन, फूड फेस्टिवल एवं ईवी एक्सपो

कार्यक्रम की तैयारियाँ

• कुल प्रदर्शनी क्षेत्रफल : 3,250 लाख वर्ग फुट

• सभागृह : 1 मुख्य सभागृह, 3 सत्र सभागृह, 2 प्रदर्शनी हॉल

• फूड ज़ोन : 3

• सभी सभागृह वातानुकूलित

• वीआईपी, प्रदर्शकों एवं आगंतुकों के लिए पृथक पार्किंग व्यवस्था

इस संबंध में आयोजित पत्रकार परिषद को एआईडी के अध्यक्ष श्री आशीष काले ने संबोधित किया। इस अवसर अशोक गोयल, गिरधारी मंत्री, प्रशांत उगेमुगे, डॉ. विजय शर्मा, आशिष काळे, प्रा. राजेश बागडी, अविनाश घुशे, महेश साधवानी, अनुप खंडेलवाल, प्रसन्न देशपांडे आणि कर्वे कॉलेज की प्राचार्य कृपा सावलानी उपस्थित थे।