नागपुर समाचार : नागपुर महानगरपालिका में महापौर चुनाव की तिथि निर्धारित हो चुकी है। आगामी 4 फरवरी 2026 को शहर को नया महापौर मिलेगा। इस बार महापौर पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किए जाने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
नागपुर महानगरपालिका में महापौर चुनाव की प्रक्रिया निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है। 15 जनवरी को मतदान संपन्न हुआ, जबकि 16 जनवरी को भाजपा की स्पष्ट बहुमत के साथ जीत पर औपचारिक मुहर लगी। इसके पश्चात 22 जनवरी को महापौर पद को सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित घोषित किया गया।
आरक्षण की घोषणा के साथ ही भाजपा की महिला पार्षदों के बीच महापौर पद को लेकर दावेदारी की प्रक्रिया तेज हो गई है। पार्टी के भीतर कई वरिष्ठ महिला नेताओं के नाम चर्चा में हैं, जिनके बीच आंतरिक स्तर पर मंथन जारी है।
महापौर एवं उपमहापौर पद के लिए 4 फरवरी 2026 को चुनाव प्रस्तावित है, बशर्ते नागपुर महानगरपालिका के प्रस्ताव में कोई परिवर्तन न किया जाए। सूत्रों के अनुसार 30 जनवरी तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। यदि किसी कारणवश कार्यक्रम में संशोधन हुआ तो तिथियों में एक-दो दिन का परिवर्तन संभव है।
राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि 27 जनवरी को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नागपुर दौरे के दौरान महापौर पद को लेकर अंतिम निर्णय पर मुहर लग सकती है। पार्टी नेतृत्व की स्वीकृति के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नागपुर की अगली महापौर कौन होंगी।




