- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर (रामटेक ) समाचार : पुनः जीवित हुई 103 वर्षीय वृद्ध महिला गंगाबाई सावजी साखरे, अंतिम संस्कार के बीच फैली खुशी

नागपुर (रामटेक ) समाचार : जिले के रामटेक तहसील में 103 वर्षीय वृद्ध महिला गंगाबाई सावजी साखरे के मृत घोषित होने के बाद अचानक जीवित लौट आने की खबर सामने आई है। मृत घोषित वृद्धा के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच उनकी जान लौटने से परिवार और आसपास के लोग हैरान और प्रसन्न रह गए। वहीं यह घटना जिले में चर्चा का विषय बन गई है।

रामटेक तहसील के चारगांव निवासी गंगाबाई सावजी साखरे, जो आंबेडकर वार्ड में अपनी पुत्री के साथ रहती थीं, 12 जनवरी को शाम 5 बजे सभी अंग निष्क्रिय होने के कारण मृत घोषित कर दी गई थीं। परिवार ने 13 जनवरी को अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी। घर के सामने पंडाल लगाया गया और अंतिम संस्कार की सभी सामग्री भी जुटा ली गई थी।

इसी बीच 12 जनवरी की शाम 7 बजे, गंगाबाई के शरीर में हलचल महसूस हुई और थोड़ी ही देर में वे पुनः जीवित हो गईं। इस चमत्कारी घटना के बाद परिवार और पड़ोसियों में खुशी और आश्चर्य का माहौल फैल गया। परिवार ने जब उनसे पूछा कि अचानक ऐसा क्या हुआ था, तो वृद्ध महिला ने हंसते हुए कहा, “मैं भगवान से छुट्टी लेकर आई हूं।” यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है और गंगाबाई सावजी साखरे का पुनः जीवित होना लोगों द्वारा चमत्कार के रूप में देखा जा रहा है।