नागपुर समाचार : महानगर पालिका चुनाव के लिए गुरुवार 15 जनवरी को मतदान प्रक्रिया होगी। दिव्यांग मतदाताओं के उत्साह पूर्वक भाग लेने के लिए मनपा प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। मनपा आयुक्त एवं चुनाव अधिकारी डॉ अभिजित चौधरी के मार्गदर्शन में अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत के नेतृत्व में मनपा ने दिव्यांग मतदाताओं के लिए 9175414355 यह WhatsApp नंबर जारी किया है। लोकेशन शेयर करने पर मतदान बूथ तक आने-जाने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए प्रत्येक जोन में एक वाहन की व्यवस्था की गई है।
नागपुर खंडपीठ में इस संबंध में जनहित याचिका दायर की गई थी और उच्च न्यायालय के आदेश से दिव्यांग मतदाताओं के लिए मनपा द्वारा यह विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मनपा चुनाव के संदर्भ में दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र पर सुगमता व सहायता प्रदान करने के लिए मनपा केंद्रीय कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इस माध्यम से दिव्यांग मतदाताओं को मतदान दिवस यानी गुरुवार 15 जनवरी 2026 को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक उनके निवास स्थान से मतदान केंद्र/पोलिंग बूथ तक ले जाने-लाने के लिए प्रत्येक जोन में जोनल चिकित्सा अधिकारी के पर्यवेक्षण में एक वाहन की व्यवस्था की गई है।
दिव्यांग मतदाताओं को इस सुविधा का आसानी से उपयोग हो, इसके लिए केंद्रीय स्तर पर 9175414355 WhatsApp नंबर उपलब्ध कराया गया है। दिव्यांग मतदाता इस नंबर पर लोकेशन शेयर कर सकते हैं या कॉल करके भी जानकारी दे सकते हैं। केंद्रीय स्तर पर दो सत्रों में दो दलों की नियुक्ति की गई है। इन दलों के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार जोन स्तर के अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आठ दल नियुक्त किए गए हैं।




