

नागपुर समाचार : धोखाधड़ी और दादागिरी करके जबरन जमीन हथियाने की अनेक शिकायतें प्राप्त होने के बाद सीपी रवींद्र कुमार सिंगल ने क्राइम ब्रांच के अधीन एक विशेष जांच दस्ता (एसआईटी) गठित किया है। जांच दल ने पिछले कुछ दिनों में ९ मामले दर्ज किए हैं जिनमें ठगी का आंकड़ा ६.१० करोड़ रुपये के पार है। सीपी सिंगल ने नागरिकों से बेखौफ शिकायत करने की अपील की है।
सीपी ने क्राइम ब्रांच के अधीन भू-माफिया विरोधी विशेष पथक का गठन किया है। इस नये दस्ते का उद्देश्य खेती की जमीन, प्लॉट और फ्लैट के स्वामित्व से जुड़े विवाद, जाली दस्तावेजों के जरिए अवैध बिक्री, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, एक ही संपत्ति को कई लोगों को बेचने तथा भू-माफिया द्वारा दी जाने वाली धमकियों से जुड़े मामलों की जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाना है।
डीआईजी क्राइम वसंत परदेशी, डीसीपी राहुल माकणीकर और एसीपी अभिजीत पाटिल के मार्गदर्शन में त्वरित जांच करते हर इस दस्ते ने विभिन्न पुलिस थानों में कुल ९ मामले दर्ज किए हैं।
कोतवाली थाना में नेहरू कॉलोनी, अनंतनगर निवासी हितेश अग्रवाल, आदर्शनगर, दिघोरी निवासी गणेश धांड, शांतिनगर थाना में दहीबाजार निवासी सुहास लाउत्रे, हुडकेश्वर थाना में राधानंद गृह निर्माण सहकारी संस्था के अध्यक्ष भिवापुर निवासी अविनाश खडके, राकेश बागडे, सकरदरा थाना में आशीर्वादनगर निवासी धीरज श्यामराव राजपूत, पाचपावली थाना में गूगल लैंड डेवलपर्स के पदाधिकारियों, होम लैंड डेवलपर्स के आरोपी प्रवीण विठ्ठलराव यादव, सदर थाना में आरोपी देवीनगर निवासी अजय पतिराम शर्मा, श्रीकृष्णनगर निवासी रमेश शिवचरण झलपूरे और नेहरू कॉलोनी, अनंतनगर निवासी हितेश रघुवीरशरण अग्रवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार इन ९ मामलों में आरोपियों ने शिकायतकर्ताओं से कुल ६.१० करोड़ की घोखाधड़ी की है। सभी मामलों की बारीकी से जांच जारी है। सीपी सिंगल ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि ये जमीन, प्लॉट और फ्लैट से जुड़े लेन-देन में सतर्क रहे।





