- Breaking News, खेलकुद 

खेल समाचार : दक्षिण अफ्रीका ने किया रिकॉर्डतोड़ रन चेज, भारत को दूसरे वनडे में हराकर सीरीज की 1-1 से बराबर

खेल समाचार : दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे वनडे मैच में बुधवार को भारत को चार विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज 1-1 से बराबर की। यह विदेशी सरजमीं पर लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की सबसे बड़ी जीत है।

बल्लेबाज एडन मार्करम ने विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के शतकों पर पानी फेरते हुए दक्षिण अफ्रीका को दूसरे वनडे में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अफ्रीका ने भारत को दूसरे वनडे में चार विकेट से हराया। अफ्रीका ने तीन मैच की सीरीज 1-1 से बराबर की। भारत के 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने मारक्रम की 98 गेंद में 10 चौकों और चार छक्कों से 110 रन की पारी और ब्रीट्जके (68 रन, 64 गेंद, पांच चौके) तथा ब्रेविस (54 रन, 34 गेंद, पांच छक्के, एक चौका) के अर्धशतक से 49.2 ओवर में छह विकेट पर 262 रन बनाकर जीत दर्ज की। यह विदेशी सरजमीं पर लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की सबसे बड़ी जीत है जबकि भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी भी टीम की संयुक्त रूप से सबसे बड़ी जीत है। ऑस्ट्रेलिया ने भी इससे पहले भारत के खिलाफ 359 रन के लक्ष्य को हासिल किया था।

ब्रीट्जके और ब्रेविस ने चौथे विकेट के लिए 64 गेंद में 92 रन की आक्रामक साझेदारी भी की जबकि मारक्रम ने कप्तान तेम्बा बावुमा (46) के साथ दूसरे विकेट के लिए 101 और ब्रीट्जके के साथ तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने पांचवें ओवर में ही क्विंटन डिकॉक (08) का विकेट गंवा दिया जो अर्शदीप सिंह (54 रन पर दो विकेट) की गेंद को हवा में लहराकर मिड ऑन पर वाशिंगटन सुंदर को कैच दे बैठे।

मारक्रम और बावुमा ने इसके बाद पारी को संभाला। मारक्रम ने हर्षित राणा (70 रन पर एक विकेट) पर चार चौके मारने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा (85 रन पर दो विकेट) पर पारी का पहला छक्का जड़ा। बावुमा ने भी रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन पर चौके मारे। मारक्रम ने कुलदीप यादव पर एक रन के साथ अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि 53 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब कुलदीप की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर यशस्वी जायसवाल ने कैच टपका दिया और गेंद छह रन के लिए चली गई।

बावुमा ने प्रसिद्ध पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को पुल करने की कोशिश में बाउंड्री पर हर्षित को कैच दे बैठे। मारक्रम ने कई आक्रामक शॉट खेले। उन्होंने जडेजा की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के बाद एक रन के साथ 88 गेंद में शतक पूरा किया। मारक्रम हालांकि धीमी शॉर्ट गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर गायकवाड़ के हाथों लपके गए। ब्रीट्जके और ब्रेविस ने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी किया। ब्रेविस ने कुलदीप और प्रसिद्ध पर छक्के के साथ तेवर दिखाए।

ब्रेविस ने हर्षित पर लगातार दो छक्कों के बाद कुलदीप पर छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगली गेंद पर फिर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर जायसवाल के हाथों लपके गए। प्रसिद्ध ने इसके बाद ब्रीट्जके को पगबाधा किया जबकि अर्शदीप ने मार्को यानसेन (02) को पवेलियन भेजा। दक्षिण अफ्रीका को अंतिम पांच ओवर में 27 रन की जरूरत थी लेकिन टॉनी डिजॉर्जी 17 रन बनाने के बाद पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए लेकिन कोर्बिन बॉश (नाबाद 29) ने टीम को जीत दिला दी।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके। रोहित शर्मा पांचवें ओवर में नांद्रे बर्गर का शिकार बने। उन्होंने तेज शुरुआत की थी लेकिन खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। यशस्वी जायसवाल एक बार फिर मार्को यान्सेन के खिलाफ आउट हुए। यशस्वी ने 22 रन बनाए। पावर प्ले के भीतर भारत का स्कोर दो विकेट पर 62 रन हो गया लेकिन फॉर्म में चल रहे कोहली और गायकवाड़ ने इसके बाद मोर्चा संभाला।

रांची में फ्लॉप रहे ऋतुराज गायकवाड़ ने विराट कोहली के साथ पारी को संभाला और मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों ने स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी और कुछ मौकों पर आसानी से एक रन को दो रन में बदला। गायकवाड़ ने मारक्रम की गेंद पर एक रन के साथ अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। कोहली ने भी लुंगी एनगिडी की गेंद पर एक रन के साथ 47 गेंद में अर्धशतक जड़ा।

अर्धशतक पूरा करने के बाद गायकवाड़ ने केशव महाराज पर दो चौके जड़े और फिर इस स्पिनर के 28वें ओवर में भी दो चौके और एक छक्का मारा। उन्होंने 34वें ओवर में कोर्बिन बॉश पर लगातार दो चौकों के साथ 77 गेंद में अपने करियर का पहला शतक पूरा किया। शतक पूरा करने के तुरंद बाद गायकवाड़ ने यानसेन की गेंद पर टॉनी डिजॉर्जी को कैच थमाया। कोहली ने भी यानसेन की गेंद पर एक रन के साथ रिकॉर्ड में सुधार करते हुए 53वां शतक पूरा किया लेकिन फिर एनगिडी की गेंद पर एडेन मारक्रम को कैच दे बैठे।

अंतिम ओवरों में भारत ने उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बनाए। हालांकि केएल राहुल ने कप्तानी पारी खेलते हुए अर्धशतक लगाया और आखिरी ओवर में जडेजा के साथ मिलकर 18 रन बटोरकर भारत के स्कोर को 358 तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को यानसेन ने दो विकेट चटकाए। लुंगी और बर्गर को एक-एक सफलता मिली।