- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : नववर्ष के प्रथम दिन उपराजधानी नागपुर के मंदिरो में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भगवान से सुख समृद्धि की कामना करते नजर आए भक्त

नागपुर समाचार : नववर्ष 2026 के प्रथम दिन उपराजधानी नागपुर के सभी प्रमुख मंदिरो में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। सुबह होते ही भक्त मंदिरो में पहुंचने लगे। गणेश टेकड़ी, साईं मंदिर, पोद्दारेश्वर राम मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। शहर में जोरदार ठण्ड पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद भक्त नए साल की पहली सुबह भगवान के दर्शन कर जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते नजर आए।

उपराजधानी वासियों ने 2025 को जहाँ विदा किया, वहीं जोरदार जश्न के साथ 2026 का स्वागत किया। वहीं नए साल की सूरज की पहली किरणें शहर पर पड़ीं, भक्त घरों से निकलकर मंदिरों की ओर बढ़ने लगे। गणेश टेकड़ी, साईं मंदिर, पोद्दारेश्वर राम मंदिर सहित शहर के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसरों में लंबी कतारें, हाथों में पूजा की थालियां, माथे पर तिलक और चेहरे पर आस्था की चमक साफ झलक रही थी। मंत्रोच्चार, शंख-घंटियों की गूंज और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इन दिनों शहर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठिठुरन भरी सुबह और ठंडे मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नजर नहीं आई। बुजुर्गों से लेकर युवा और बच्चों तक, सभी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मंदिर पहुंचे। कई श्रद्धालु परिवार के साथ आए, तो कई ने अकेले ही भगवान के चरणों में शीश नवाकर नववर्ष के लिए मंगल कामनाएं कीं।

श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश, साईं बाबा और भगवान श्रीराम के दर्शन कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य, रोजगार, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की। मंदिरों में विशेष आरती और पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।

नववर्ष के पहले दिन नागपुर में दिखाई दिया यह दृश्य न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक था, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कठिन मौसम और व्यस्त जीवन के बीच भी लोगों की आस्था और विश्वास अडिग है। नए साल की शुरुआत भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा के साथ करते हुए नागपुरवासियों ने यह संदेश दिया कि आस्था ही जीवन को दिशा और शक्ति देती है।