नागपुर समाचार : नागपुर शहर की उत्तर दिशा में तेजी से होते विस्तार को ध्यान में रखते हुए, खापरखेडा पुलिस थाना अब औपचारिक रूप से नागपुर शहर पुलिस आयुक्तालय की सीमा में शामिल कर लिया गया है। इससे नागपुर शहर को अब कुल 35 पुलिस थाने मिल गए हैं। राज्य गृह विभाग के आदेशानुसार, खापरखेडा पुलिस थाना परिमंडल 6 के अंतर्गत शामिल किया जाएगा, जिसमें पहले से ही कलमना और पारडी थाने शामिल हैं। इस संबंध में गृह विभाग के उप सचिव रा.ता. भालवणे ने 28 जुलाई को आधिकारिक परिपत्रक जारी किया।
खापरखेडा क्षेत्र में औद्योगिक और आवासीय विकास तेजी से हो रहा है। विशेषतः औष्णिक वीज निर्मिती केंद्र (थर्मल पॉवर प्लांट) के कर्मचारियों और अन्य निजी तथा शासकीय संस्थाओं के कामगारों की बड़ी संख्या यहां निवास कर रही है। इससे क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या और अपराध दर को ध्यान में रखते हुए पुलिस व्यवस्था को सशक्त करना आवश्यक हो गया था।
नए थाने को शहर पुलिस बल से 56 पुलिसकर्मी दिए जाएंगे जिसमें पुलिस अधिकारी और अंमलदार शामिल हैं। इसके साथ ही, वर्तमान में उपयोग हो रही खापरखेडा पुलिस थाना इमारत को भी शहर पुलिस आयुक्तालय को हस्तांतरित किया जाएगा। खापरखेडा को शहर सीमा में लाने से अपराधों की जांच में आने वाली सीमात्मक अड़चनों को कम करने में सहायता मिलेगी और पुलिस की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। यह कदम नागपुर शहर के उत्तरी विस्तार के दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।