- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : भारत की आर्थिक विकास यात्रा पर हुई पैनल चर्चा

ICAI, ICSI और ICMAI नागपुर शाखाओं की संयुक्त सहभागिता

नागपुर समाचार : इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) नागपुर शाखा की ओर से धंतोली स्थित आईसीएआई भवन में “भारत का आर्थिक विकास का दशक : अब तक की यात्रा” विषय पर एक महत्वपूर्ण पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नागपुर की तीन प्रमुख वित्तीय संस्थाओं – ICAI, ICSI और ICMAI के पदाधिकारी एक ही मंच पर एकत्र हुए। यह आयोजन भाजपा महाराष्ट्र आर्थिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सीए मिलिंद कानडे की पहल से संभव हो पाया।कार्यक्रम का उद्घाटन ICAI नागपुर शाखा के अध्यक्ष सीए दिनेश राठी, ICMAI के अध्यक्ष सीएमए रजत नायडू और ICSI के सदस्य सीएस कुशल बजाज की उपस्थिति में हुआ।

स्वागत भाषण में सीए दिनेश राठी ने तीनों संस्थाओं के बीच सहयोग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “पिछले एक दशक में भारत का जीडीपी लगभग दोगुना हो गया है, जो कि सशक्त आर्थिक नीतियों और रणनीतिक संरचनात्मक सुधारों का प्रतिफल है।” उन्होंने इस संयुक्त प्रयास के लिए तीनों संस्थाओं को एक मंच पर लाने में अहम भूमिका निभाने के लिए सीए मिलिंद कानडे की विशेष सराहना की।

सीएमए रजत नायडू ने अपने संबोधन में कहा कि तकनीकी प्रगति और जारी आर्थिक सुधारों के कारण वित्तीय पेशेवरों की भूमिका पहले की तुलना में अधिक व्यापक और प्रभावशाली हो गई है। वहीं, सीएस कुशल बजाज ने डिजिटलीकरण, नवाचार और आधारभूत ढांचे के विकास के माध्यम से भारत की वैश्विक आर्थिक स्थिति में आई प्रगति को रेखांकित किया। इस कार्यक्रम का संचालन सीए स्वरूपा वझलवार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सीए दीपक जेठानी ने किया।

इसके पश्चात हुए पैनल सत्र में सीए स्वस्तिक जैन, सीएमए कमल कोठारी और सीएस खुशबू पसारी ने भाग लिया। उन्होंने जीएसटी लागू होने के बाद अनुपालन के माध्यम से विकास, ऑटोमेशन के महत्व और डेटा-आधारित निर्णय प्रक्रिया की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने कहा कि आने वाले दशक में वित्तीय पेशेवर केवल अनुपालन विशेषज्ञ नहीं रहेंगे, बल्कि वे उद्योगों के लिए रणनीतिक भागीदार के रूप में कार्य करेंगे। इस सत्र का संचालन सीए प्रेमलता साबू ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *