नागपुर समाचार : मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने कहा कि किसी भी हाल में अतिक्रमणकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाते हुए लोगों के लिए सुरक्षित व खुले मार्ग उपलब्ध कराए जाएंगे। शहर को सुंदर और व्यवस्थित किया जाए। जरूरत पड़े तो दैनिक कार्रवाई को और तेज किया जाए। गुरुवार को मनपा मुख्यालय में मनपा आयुक्त विपिन इटनकर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
उन्होंने नागपुर मनपा द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन १०० डे’ के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में शहर में अवैध होर्डिंग्स, फुटपाथों तथा विभिन्न सड़कों पर किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा की। साथ ही शहर के विभिन्न हिस्सों में अधिकृत फेरीवालों को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने के विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण करने वाले लोग स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें अन्यथा मनपा द्वारा कार्रवाई और अधिक तेज की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त मिलिंद मेश्राम, मंगेश खवले, गणेश राठोड़, अशोक गराटे, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) महेश कुमार ठाकुर, विभिन्न जोन के सहायक आयुक्त आदि शामिल हुए। मिशन १०० डे के अंतर्गत मनपा, जिलाधिकारी कार्यालय, पुलिस विभाग, नागपुर सुधार प्रन्यास, एनएचएआई तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के समन्वय से शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।
अवैध निर्माणों कार्यो को करें ध्वस्त
बैठक में आयुक्त डॉ. इटनकर ने एमआरटीपी कानून के तहत जिन अवैध निर्माणों को नोटिस जारी किए गए हैं, उन पर तुरंत तोड़फोड़ की कार्रवाई करने के आदेश दिए। साथ ही अनधिकृत फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने व वैकल्पिक स्थान खोजने का कार्य आगामी सोमवार तक पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही मनपा के पार्किंग स्थलों का वास्तविक उपयोग किस उद्देश्य से हो रहा है, इसकी जांच के निर्देश दिए।




