- Breaking News, IPL 2026, खेलकुद 

IPL समाचार : रॉयल्स चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को दो विकेट से हराया, क्रुणाल पांड्या का शानदार अर्धशतक, मुंबई प्लेऑफ की रेस से बाहर

IPL समाचार : अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (4/23) की शानदार गेंदबाजी के सामने मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। भुवी की घातक गेंदबाजी के दम पर आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट पर 166 रन के मामूली स्कोर पर रोक दिया। 167 रन के टारगेट को आरसीबी ने आखिरी गेंद पर चेज कर लिया।

गेंद के बाद भुवनेश्‍वर ने बल्‍ले से भी कमाल किया। उन्‍होंने 2 गेंदों पर नाबाद 7 रन बनाए। आरसीबी ने 2 विकेट से यह मैच जीता। 2 हार के बाद आरसीबी जीत की पटरी पर लौटी है। इस जीत के साथ बेंगलुरु प्‍वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। टीम के 14 अंक हैं।

कोहली का नहीं खुला खाता 0 पर आउट 

167 रन चेज करने उतरी आरसीबी की शुरुआत खराब रही। दीपक चाहर ने टीम को 2 बड़े झटके दिए। पहले ही ओवर में दीपक चाहर ने विराट कोहली का विकेट चटकाया। कोहली का खाता नहीं खुला। अपने कोटे के अगले ओवर में चाहर ने देवदत्‍त पडिक्‍कल (12) का शिकार किया। पावरप्‍ले के आखिरी ओवर में कप्‍तान रजत पाटीदार (8) ने रयान रिकेल्‍टन को कैच थमा दिया।

क्रुणाल ने लगाई फिफ्टी

इसके बाद क्रुणाल पांड्या ने जैकब बेथेल के साथ पारी को संभाला और 42 गेंदों पर 55 रन जोड़े। जैकब ने 27 गेंदों पर 27 रन की धीमी पारी खेली। 6 नंबर पर बल्‍लेबाजी करने आए विकेटकीपर बल्‍लेबाज जितेश शर्मा ने पांड्या का साथ दिया। इस बीच पांड्या ने अपनी पुरानी टीम के खिलाफ 33 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की।

फिफ्टी लगाने के बाद भी क्रुणाल डटे रहे और उन्‍होंने रन बनाना जारी रखा। इस दौरान वह तकलीफ में भी नजर आए। ऐसे में उन्‍होंने सिर्फ बाउंड्री लगाने का फैसला लिया। 18वें ओवर में उन्‍होंने 2 सिक्‍स भी लगाए। हालांकि, तीसरा हवाई फायर करने के प्रयास में वह कैच आउट हो गए। क्रुणल ने 46 गेंदों पर 73 रन की पारी खेली। बाउंड्री पर तिलक वर्मा ने उनक बेहतरीन कैच लिया।

आईपीएल में क्रुणाल पांड्या के अर्धशतक

86 (37) बनाम दिल्‍ली कैपिटल्‍स, 2016

73* (47) बनाम दिल्‍ली कैपिटल्‍स, 2025

73 (46) बनाम मुंबई इंडियंस, 2026*

आखिरी 2 ओवर का रोमांच

आखिरी 2 ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने 3 रन ही दिए। ऐसे में 20वें ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 15 रन बनाने थे। सूर्यकुमार यादव ने यह ओवर राज बावा को दिया। उनकी पहली गेंद वाइड की। अगली गेंद पर कोई रन नहीं दिया। इसके बाद नो बॉल कर दी।

हालांकि, फ्री हिट पर 1 रन ही बना। ऐसे में रसिख स्‍ट्राइक पर आ गए। तीसरी गेंद पर उन्‍होंने रोमारिया शेफर्ड को आउट किया। इसके बाद आए भुवनेश्‍वर कुमार ने सिक्‍स जड़ा और मैच को रोमांचक बना दिया। 5वीं गेंद पर भुवी ने 1 रन लिया। आखिरी गेंद पर रासिख ने 2 रन लिए और आरसीबी की जीत पक्‍की कर दी।

टॉस हारकर बल्‍लेबाजी करने उतरी मुंबई

रविवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की काली मिट्टी की पिच पर दरारों और असमान उछाल वाली पिच पर बल्लेबाजी आसान नहीं थी और भुवनेश्वर ने परिस्थितियों का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए मुंबई के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने रियान रिकल्टन (2), रोहित शर्मा (22) और कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) को आउट कर मुंबई को झटके दिए और महज 28 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद मुंबई की टीम दबाव में आ गई।

हालांकि, तिलक वर्मा (57) और नमन धीर (47) ने संयम दिखाते हुए पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की नींव रखी। तिलक को जीवनदान भी मिला जब वह नौ रन पर थे। रसिख सलाम की धीमी गेंद पर उनका टॉप एज मिडविकेट की ओर गया, लेकिन सुयश शर्मा आसान कैच नहीं पकड़ सके।

यह मौका मुंबई के लिए अहम साबित हुआ क्योंकि तिलक ने इसके बाद पारी को संभालने का जिम्मा उठाया। दोनों बल्लेबाजों ने मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य दिखाते हुए स्ट्राइक रोटेट की और खराब गेंदों पर ही आक्रमण किया। हालांकि, नमन धीर एक ऐसी गेंद पर आउट हुए जो नीची रही और उनका संघर्षपूर्ण अंत हो गया।

भुवनेश्वर कुमार ने किया कमाल

भुवनेश्वर कुमार ने नई गेंद से कमाल दिखाया। पहले ही ओवर की अंतिम गेंद पर उन्होंने फार्म में चल रहे रियान रिकल्टन को कप्तान रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया। इसके बाद रोहित शर्मा ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए और लगातार दो छक्के जड़कर लय पकड़ने की कोशिश की, लेकिन भुवनेश्वर ने अपनी चतुराई से उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। धीमी नकल बॉल पर रोहित बल्ला दूर ले गए और विकेटकीपर के हाथों कैच हो गए।

सूर्य का खराब फार्म जारी रहा। ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद पर उन्होंने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर विराट कोहली के हाथों में चली गई। कोहली ने शानदार कैच लपकते हुए जोरदार जश्न मनाया। मुंबई ने बाद में कुछ रन जरूर जोड़े, लेकिन आरसीबी के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। भुवनेश्वर की अगुआई में बेंगलुरु की गेंदबाजी इकाई ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।

IPL के एक सीजन में सबसे अधिक बार 20+ विकेट

युजवेंद्र चहल – 5 (2015, 2016, 2020, 2022, 2023)

लसिथ मलिंगा – 4 (2011, 2012, 2013, 2015)

जसप्रीत बुमराह – 4 (2017, 2020, 2021, 2024)

भुवनेश्वर कुमार – 4 (2014, 2016, 2017, 2026)