- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : मनपा लिफ्ट में फंसे १० लोग, आधा घंटे तक मची अफरा तफरी, नई आधुनिक लिफ्ट लगाने की मांग

नागपुर समाचार : मनपा के मुख्य प्रशासनिक भवन में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुख्यालय में बिजली गुल होने के कारण लिफ्ट अचानक दुसरी मंजिल के पास बंद हो गई, जिसके कारण लगभग १० लोग करीब ३० मिनट तक लिफ्ट के अंदर ही फंसे रहे। दोपहर लगभग ३.३० बजे जब यह घटना हुई, उसी समय अचानक बिजली की आपूर्ति भी ठप हो गई। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब बैकअप पावर जनरेटर ने भी काम करना बंद कर दिया। भीषण गर्मी और उमस के कारण लिफ्ट में फंसे तर-बतर हो गए और उनमें भारी घबराहट फैल गई। घटना के समय नगरसेवक अभिजीत झा किसी आधिकारिक काम से वहीं मौजूद थे। उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इस घटना ने मनपा मुख्यालय जैसी महत्त्वपूर्ण प्रशासनिक इमारत की सुरक्षा व्यवस्था, उपकरणों के रखरखाव और आपातकालीन तैयारियों पर गभीर सवाल खड़े कर दिए है। एक ही समय पर लिफ्ट का खराब होना और जनरेटर का काम न करना बेहद चिंताजनक विषय बना हुआ है। झा ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि केवल अस्थायी मरम्मत पर्याप्त नहीं है। उन्होंने तुरंत सभी लिफ्टों का सुरक्षा ऑडिट, तकनीकी जांच और दोषी प्रणालियों की मरम्मत करने की मांग की है, साथ ही भविष्य में ऐसे खतरों से बचने के लिए पुरानी लिफ्टों की जगह नई ‘अपग्रेडेड हाईटेक लिफ्ट’ लगाने की मांग की है।

उन्होंने अपेक्षा जताई है कि इन नई लिपटों में ऑटो-रेस्क्यू मोड, पावर फेलियर बैकअप, सेंसर-आधारित सुरक्षा प्रणाली, आपातकालीन अलार्म, कंट्रोल मॉनिटरिंग और अत्याधुनिक डिजिटल सुरक्षा यंत्रणा होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने इस लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच कर जवाबदेही तय करने, संबंधित रखरखाव एजेंसी और बैकअप पावर प्रबंधन की समीक्षा करके एक व्यापक सुधार योजना की घोषणा करने की भी मांग की है।