नागपुर समाचार : महानगरपालिका के जोन सभापति (मिनी महापौर) पद के लिए हुए नामांकन के बाद नौ जोनों में निर्विरोध चयन के संकेत मिल रहे हैं, जबकि आसीनगर जोन में कांग्रेस और एमआईएम के बीच सीधा मुकाबला होने के आसार हैं। गुरुवार को कुल 11 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
भाजपा की ओर से जोन एक से आठ तक एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन भरा, जबकि मंगलवारी जोन से कांग्रेस की ओर से एकमात्र नामांकन हुआ। ऐसे में इन जोनों में निर्विरोध चयन लगभग तय माना जा रहा है। जोन सभापति के चुनाव शुक्रवार को मनपा मुख्यालय स्थित स्थायी समिति सभागृह में आयोजित होंगे, जिसमें जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद पीठासीन अधिकारी की भूमिका निभाएंगे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान निगम सचिव डॉ. रंजना लाडे के समक्ष भाजपा, कांग्रेस और एमआईएम के उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए। भाजपा की ओर से लक्ष्मीनगर, धरमपेठ, हनुमाननगर, धंतोली, नेहरूनगर, गांधीबाग, सतरंजीपुरा और लकड़गंज जोन के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन किया।
कांग्रेस की ओर से विपक्ष नेता संजय महाकालकर की मौजूदगी में आसीनगर जोन से आसिफ शेख और मंगलवारी जोन से सीमा डवरे ने नामांकन भरा, जबकि एमआईएम ने आसीनगर से अलिशा फहीम खान को मैदान में उतारा है। मंगलवारी जोन में कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है।
आसीनगर जोन में मुकाबला रोचक होने की संभावना है, जहां कांग्रेस और एमआईएम के बीच सीधी टक्कर होगी। यहां बसपा पार्षद हर्षला जायसवाल का वोट निर्णायक भूमिका निभा सकता है। दोनों पक्षों के पास बराबर संख्या में पार्षद होने से चुनाव परिणाम पर सबकी नजरें टिकी हैं।
इस बीच अग्निशमन एवं विद्युत समिति सभापति पद के लिए भाजपा की ओर से रुपाली ठाकुर और उपसभापति पद के लिए लखन येरावार ने नामांकन दाखिल किया है।
विशेष बात यह है कि अधिकांश जोनों में महिला उम्मीदवारों को मौका दिया गया है, जिससे इस बार जोन सभापति पदों पर महिला नेतृत्व का दबदबा देखने को मिलेगा।




