- Breaking News, उद्घाटन, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : निःस्वार्थ सेवा में समर्पित मातृसेवा संघ, १०५वें स्थापना दिवस समारोह के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने कहा

नागपुर समाचार : मातृसेवा संघ के १०५वें स्थापना दिवस और प्रसविका प्रशिक्षण केंद्र के शताब्दी वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में आयोजित संयुक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि संस्थापिका कमलाताई का सेवाकार्य समाज के लिए एक आदर्श है और इसे एक मूल्य के रूप में संजोकर रखना आवश्यक है।

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृसेवा संघ की स्थापना उस समय हुई थी, जब देश गुलामी के दौर से गुजर रहा था और भारतीय महिलाओं के लिए अंग्रेजों के अस्पतालों में प्रसव कराना संभव नहीं था। ऐसे कठिन समय में कमलाताई ने इस संस्था की नींव रखी, जो आज भी निरंतर सेवा कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने संस्थापिका कमलाताई होस्पेट और वेणूताई नेने की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस दौरान संस्था की अध्यक्ष डॉ. अरुणा बाभुलकर, सचिव डॉ. लता देशमुख, महापौर नीता ठाकरे, उपमहापौर लीला हाथीबेड, उपाध्यक्ष रश्मि भावे और वैद्यकीय अधीक्षिका डॉ. पुष्पा भावे मंच पर उपस्थित थीं। इस अवसर पर महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि नागपुर में सुतिकागृह की तरह अन्य स्थानों से आने वाली महिलाओं के लिए आश्रय गृह की आवश्यकता है और मनपा को इस दिशा में पहल करनी चाहिए। प्रास्ताविक में डॉ. लता देशमुख ने शमुख ने संस्था की कार्य यात्रा और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मातृसेवा संघ महिलाओं के लिए अनेक महत्वपूर्ण उपक्रम संचालित करता है, लेकिन एक सदी के बाद भी इसमें व्यावसायिकता का अभाव है, जो इसकी विशेषता है। यह संस्था आज भी एक सच्ची स्वयंसेवी संस्था के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने प्रसविका प्रशिक्षण केंद्र की नई इमारत के निर्माण में शासन की ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।