- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : पूर्व नागपुर के हिस्से में आए चार जोन सभापति और एक मनोनीत पार्षद

नागपुर समाचार : महानगरपालिका चुनाव में पूर्व नागपुर क्षेत्र में जोरदार सफलता हासिल करते हुए कुल २५ नगरसेवक (पार्षद) निर्वाचित हुए हैं। इस बड़ी जीत को मान्यता देते हुए चार महिला नगरसेवकों को जोन सभापति पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर जोन क्रमांक ५ में सीमा ढोमणे (प्रभाग क्रमांक २६), गांधीबाग जोन क्रमांक ६ में उमा देशमुख (प्रभाग क्रमांक २२), सतरंजीपुरा जोन क्रमांक ७ में अभिरुची राजगिरे (प्रभाग क्रमांक ५) तथा लकड़गंज जोन क्रमांक ८ में महेश्वरी बिसेन (प्रभाग क्रमांक २५) को जोन सभापति के रूप में नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा देवेंद्र मेहर ने पहले ही मनोनीत नगरसेवक (पार्षद) पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस संदर्भ में विधायक कृष्णा खोपड़े ने कहा कि जिस क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के २५ नगरसेवक चुने गए हैं, वहां कांग्रेस का केवल एक ही नगरसेवक है। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा द्वारा किए गए विकास कार्यों पर पूर्व नागपुर की जनता ने एक बार फिर मुहर लगाई है।

उन्होंने आगे कहा कि सभी निर्वाचित नगरसेवक और पदाधिकारी निश्चित रूप से जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे तथा पूर्व नागपुर के विकास में और अधिक गति देंगे।