नागपुर समाचार : मानकापुर स्थित विभागीय क्रीड़ा संकुल के अंतर्गत विकसित किए जा रहे नागपुर स्पोर्ट्स हब परियोजना का जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। एशिया में अपनी आधुनिक और विशेष सुविधाओं के कारण पहचान बनाने जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना में किसी भी प्रकार की कमी या त्रुटि न रहे, इसके लिए उन्होंने क्रीड़ा एवं निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिल्हाधिकारी ने निर्माण स्थल के हर हिस्से का दौरा कर इंजीनियरिंग प्लानिंग, संरचना की गुणवत्ता और उपयोग में लाई जा रही सामग्री की बारीकी से जांच की। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी पल्लवी धात्रक ने उनका स्वागत किया।
इस स्पोर्ट्स हब के अंतर्गत ‘ब्लॉक ए’ में एक अत्याधुनिक मल्टी स्पोर्ट्स एरेना विकसित किया जा रहा है, जो भूतल सहित कुल चार मंजिला होगा। भूतल पर विशाल पार्किंग व्यवस्था के साथ ओलंपिक साइज का स्विमिंग पूल और डाइविंग पूल बनाया जा रहा है। प्रथम मंजिल पर क्रीड़ा विज्ञान केंद्र, टेबल टेनिस सुविधा, दर्शक दीर्घा, पुस्तकालय और मल्टीस्पोर्ट्स हॉल की व्यवस्था होगी। द्वितीय मंजिल पर १० मीटर शूटिंग रेंज, फिटनेस सेंटर, कुश्ती और जूडो कोर्ट, बॉक्सिंग रिंग, मल्टीपरपज हॉल, जिम्नास्टिक, स्कैश तथा फेंसिंग एरेना का निर्माण किया जा रहा है।
वहीं ‘ब्लॉक बी’ में भूतल सहित आठ मंजिला इमारत तैयार की जा रही है। इसमें भूतल पर बैंकेट हॉल और किचन, प्रथम मंजिल पर बोर्ड गेम्स, पुस्तकालय, ई-गेमिंग जोन और टीवी रूम, द्वितीय मंजिल पर मल्टीपरपज हॉल, बैडमिंटन और स्क्वैश कोर्ट तथा योग कक्ष की व्यवस्था होगी।
तृतीय मंजिल पर स्पा और जिम्नेजियम, चतुर्थ मंजिल पर रूफटॉप स्विमिंग पूल, रूफटॉप रेस्टोरेंट और इंडोर रेस्टोरेंट विकसित किए जाएंगे। पांचवीं और छठी मंजिल पर सर्विस अपार्टमेंट, जबकि सातर्वी मंजिल पर प्रेसिडेंशियल और डीलक्स सूट बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त परिसर में अन्य १० ब्लॉक भी विकसित किए जाने प्रस्तावित हैं।
इसके बाद जिल्हाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने धापेवाड़ा स्थित विख्यात विठ्ठल रुक्मिणी मंदिर परिसर का भी दौरा किया। विदर्भ के ‘प्रतिपंढरपुर’ के रूप में प्रसिद्ध इस तीर्थस्थल के विकास कार्यों की उन्होंने विस्तृत समीक्षा की। यहां लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिए।
धापेवाड़ा में मंदिर परिसर, प्रशासनिक भवन, दर्शनबारी शेड, कोल्बास्वामी मंदिर क्षेत्र में भक्त निवास और बहुउद्देशीय सभागार, विसर्जन टैंक, पूजा शेड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, स्वच्छता परिसर, चेंजिंग रूम, पार्किंग और लैंडस्केपिंग जैसे कार्यों का निरीक्षण जिलाधिकारी ने स्वयं स्थल पर जाकर किया। उन्होंने इन सभी परियोजनाओं को गति देने और समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। वर्तमान स्थिति में दर्शनबारी परिसर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, वराही मंदिर तथा ट्रांजिट ब्लॉक १ से ३ तक के निर्माण कार्य प्लिंथ स्तर तक पूर्ण हो चुके हैं, जबकि अन्य कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।




