IPL समाचार : गुजरात (GT) ने लखनऊ (LSG) को उनके होम ग्राउंड पर कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर की अर्धशतकीय पारी के दम पर आसानी से 7 विकेट से हरा दिया। गुजरात को इस जीत की बेहद जरूरत थी जो इस टीम ने हासिल किया और अंकतालिका में अपनी स्थिति भी मजबूत की। चौथे मैच में ये गुजरात की दूसरी जीत रही तो वहीं पंत की टीम को चौथे मैच में दूसरी हार मिली। लखनऊ के खिलाफ 4 विकेट लेने वाले प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और गुजरात टाइटंस (GT) की भिड़ंत लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। इस मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। लखनऊ ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 164 रन बनाए। गुजरात ने दूसरी पारी में 18.4 ओवर में 3 विकेट पर 165 रन बनाकर मैच जीत लिया। गुजरात और लखनऊ की टीम ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया।
ऋषभ पंत ने बनाए 18 रन
लखनऊ के ओपरन मार्करम ने 30 रन बनाए जबकि मिचेल मार्श 11 रन के स्कोर पर निपट गए। तीसरे नंबर पर आए कप्तान पंत ने 18 रन की पारी खेली जबकि आयुष बदोनी ने 9 रन की पारी खेली। निकोलस पूरन ने 19 रन जबकि अब्दुल समद और मुकुल चौधरी ने 18-18 रन की पारी खेली। जॉर्ड लिंडे ने 16 रन बनाए जबकि मोहम्मद शमी ने नाबाद 12 रन बनाए जबकि आवेश खान ने नाबाद 4 रन की पारी खेली। प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए जबकि अशोक शर्मा ने 2 जबकि मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने एक-एक विकेट लिए।
शुभमन गिल-बटलर के अर्धशतक
लखनऊ के खिलाफ गिल ने 34 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और 56 रन की पारी खेली। साई सुदर्शन ने इस मैच में 15 रन की पारी खेली। वहीं बटलर ने 29 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और वो 60 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने 13 गेंदों पर नाबाद 21 रन जबकि राहुल तेवतिया ने 8 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिला दी। लखनऊ की तरफ से प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी और आवेश खान को एक-एक विकेट मिले। शमी को इस मैच में भी खाली हाथ रहना पड़ा और उन्हें 4 ओवर में एक भी विकेट नहीं मिला।




