- Breaking News, IPL 2026, नागपुर समाचार

IPL समाचार : किंग्स इलेवन पंजाब ने संजय हैदराबाद को थमाई शर्मनाक हार, प्रियांश-प्रभसिमरन और कप्तान अय्यर ने बल्ले से मचाया तहलका

IPL समाचार : प्रियांश आर्या-प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को मात दी है। पंजाब की टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत है और वे अब तक एक मैच भी नहीं हारे हैं। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए थे और पंजाब को जीत के लिए 220 रनों का लक्ष्य दिया था।

इसके जवाब में पंजाब ने लक्ष्य को 18.5 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। उन्होंने सीजन की तीसरी जीत दर्ज की। अब 4 मैचों में पीबीकेएस की 3 जीत हो गई है, जबकि एक मैच बारिश की वजह से रद हो गया था। तो वहीं हैदराबाद की 4 मैचों में तीसरी हार है। उनके लिए अब तक टूर्नामेंट में गेंदबाजी चिंता का विषय बनी हुई है। श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिलाई।

अभिषेक शर्मा-ट्रेविस हेड की ताबड़तोड़ शुरूआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी हैदराबाद की टीम ने शानदार शुरूआत की। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने पावरप्ले में ही 105 रन ठोक डाले थे। अभिषेक टूर्नामेंट में संघर्ष कर रहे थे और अब तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके थे। हालांकि, मैच में उन्होंने कमाल की बैटिंग की और 18 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। उन्होंने 28 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली।

हेड का बल्ला भी अब तक शांत रहा है। पंजाब के खिलाफ मैच में उन्हें शुरूआत मिली लेकिन उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। वे 38 रन बनाकर आउट हो गए। सलामी जोड़ी के बाद हैदराबाद के बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और इसी वजह से टीम 219 रन बना सकी। एक समय पर ऐसा लग रहा था कि एसआरएच 250 से अधिक का स्कोर खड़ा करेगी। उन्होंने 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। हैदराबाद के लिए हेनरिक क्लासेन (39), ईशान किशन (27), अनिकेत वर्मा (18) और सलिल अरोड़ा ने 9 रन बनाए।

शशांक सिंह का गेंदबाजी में कमाल

हैदराबाद के सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी कर डाली थी। पंजाब के सभी गेंदबाज बेबस दिखाई दे रहे थे। ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर ने शशांक सिंह का रुख किया, जिन्होंने आईपीएल में अब तक मात्र एक बार गेंदबाजी की थी। दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने इससे पहले आईपीएल में एक विकेट लिया था और वो अभिषेक शर्मा ही थे। सिंह गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने अपने दूसरे ओवर में हेड को शिकार बनाया और फिर अभिषेक को आउट कर दिया।

शशांक ने 3 ओवर में 20 रन खर्च करते हुए 2 विकेट हासिल किए और पंजाब की मुकाबले में वापसी कराई। उनके अलावा अर्शदीप सिंह को भी दो सफलता मिली। जेवियर बार्टलेट ने भी आखिरी ओवर में कमाल की गेंदबाजी की और बिना कोई बाउंड्री देते हुए हेनरिक क्लासेन का विकेट हासिल किया।

पंजाब की बेहतरीन शुरूआत

हैदराबाद के 219 रनों के जवाब में पीबीकेएस ने भी शानदार शुरूआत की। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और पावरप्ले में 93 रन बना लिए। आर्या ने तूफानी पारी खेली और 16 गेंदों पर अर्धशतक लगा दिया। वे पंजाब के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनके अलावा प्रभसिमरन सिंह ने ही फिफ्टी लगाई। प्रभसिमरन ने 25 गेंदों पर 51 रन बनाए।

शिवांग कुमार ने गेंदबाजी में किया कमाल

एसआरएच के युवा स्पिनर शिवांग कुमार ने मुकाबले में कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने पंजाब के टॉप ऑर्डर को अपना शिकार बनाया। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। हालांकि, उनके अलावा अन्य गेंदबाज कुछ खास नहीं कर सके और इसी वजह से उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी ने दिलाई जीत

श्रेयस अय्यर ने मुकाबले में 33 गेंदों पर नाबाद 69 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 5 छक्के निकले। तो वहीं शशांक सिंह भी 16 रन बनाकर नाबाद रहे और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। पंजाब ने मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की और अपना विजयी अभियान जारी रखा।