- Breaking News, नागपुर पुलिस, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : बम की खबर से थर्राया दोसर भवन चौक, की १५ छड़, डिटोनेटर मिलने की जानकारी

नागपुर समाचार : आज सुबह करीब ९.३० बजे गणेशपेठ थाना क्षेत्र में दोसर भवन चौक के समीप एक मकान में बम जैसी चीज रखे होने की खबर से भारी सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी मिलते ही गणेशपेठ पुलिस का दस्ता घटनास्थल पर पहुंच गया। बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। बारीकी से जांच करने पर जिलेटिन की १५ छड़ें मिलने की जानकारी सूत्रों ने दी लेकिन पुलिस ने समाचार लिखे जाने तक इसकी पुष्टि नहीं की थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह गणेशपेठ थाना क्षेत्र के तहत दोसर भवन चौक के समीप लांजेवार बिल्डिंग में बम जैसी चीज रखे होने की खबर आग की तरह इलाके में फैल गई। समीप ही मोमिनपुरा जैसा संवेदनशील इलाका होने से पुलिस और अधिक सतर्क हो गई। 

गणेशपेठ पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर सेंट्रल एवेन्यू से बजरिया की ओर जाने वाला मार्ग सील कर दिया। घटनास्थल के समीप ही पेट्रोल पंप और सरस्वती विद्यालय है। गणेशपेठ पुलिस ने इलाके को घेरने के बाद इसकी जानकारी बम निरोधी दस्ते को दी। बीडीएस के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तैयारी के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

बीडीएस दस्ते ने खोजबीन शुरू की। बताते हैं कि दस्ते को लांजेवार बिल्डिंग से १५ जिलेटीन, ५० डिटोनेटर तथा ८ कनेक्टर मिले। बताते हैं कि लगभग एक माह से विस्फोटक भरी बैग लांजेवार बिल्डिंग में रखी हुई थी। कुछ दिनों पूर्व काटोल की एसबीएल कंपनी में विस्फोट हुआ था, उसी कंपनी के यह विस्फोटक होने की जानकारी है। छड़ के बारे में पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। इस दौरान घटनास्थल पर सैकड़ों तमाशबीन जमा हो गए।