- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : होली को लेकर रंगीन हुआ बाजार, रंग-गुलाल और पिचकारी की हो रही खरीदी

40 से 600 रुपये प्रति किलो तक का गुलाल, 20 से 1500 रुपये तक की पिचकारी

नागपुर समाचार : होली के पास आते ही रंग-बिरंगे कलर्स, गुलाल के साथ विविध तरह की डिजाइनर व फैसी पिचकारियों की जमकर खरीदी हो रही है. मार्केट में गुलाल उड़ाने के लिए खास आइटम्स आए हैं. इनमें बैटरी और रिफिल वाली स्पायरो गन्स के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स पिचकारी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. इसकी बच्चों के साथ बड़ों में भी डिमांड देखी जा रही है. इसके अलावा होली पार्टियों के लिए 2, 4 व 6 किलो वाले गुलाल सिलेंडर्स की धूम है. स्पायरो गन्स और गुलाल सिलेंडर से पूरा माहौल रंग-बिरंगा हो जाता है.

इतवारी के व्यापारी विराग संघवी बताते हैं कि इस बार टैंक वाली पिचकारियों में कार्टून के साथ हीरो-हीरोइन और क्रिकेटर वाले कैरेक्टर की धूम हैं. स्पायरो गन से गुलाल स्मोक के रूप में निकलता है. थोक में इसकी कीमत 375 रुपये से शुरू है जो चिल्लर में 500 से 600 रुपये की रेंज में है. लोकल गुलाल की रेंज 40 रुपये प्रति किलो व हर्बल गुलाल की रेंज 300 से 600 रुपये प्रति किलो चल रही है.

नई स्टाइल के विग्स बने आकर्षण

मार्केट में नये रबर और प्लास्टिक के हॉरर के साथ शेर, गोरिल्ला और बिल्ली के ओरिजनल दिखने वाले मुखौटों की धूम है. साथ ही नई-नई स्टाइल के विग्स भी आए हैं. अलग-अलग तरह के करलिंग हेयर विग्स तो देखते ही बनते हैं. मास्क मुखौटों में 70 से 80 और टोपियों में 60 से 70 वैरायटी है.

हर्बल रंग व गुलाल की डिमांड

लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर काफी जागरूक हो गये हैं. इसलिए वे बाजार में स्किन फ्रेंडली कलर व हर्बल गुलाल की डिमांड कर रहे हैं. इससे शरीर पर साइड इफेक्ट नहीं होता. हर्बल आंख में भी चला जाए तो जलन नहीं करता, वहीं पारम्परिक (बेसिक) रंगों में रसायन मिला होने के चलते यह शरीर पर रैशेज छोड़ने के साथ जलन भी करता है.

व्यापारी बताते हैं कि खिलौना पिचकारी के साथ ही स्पिनर पिचकारियों की मार्केट में घूम है. स्पिनर पिचकारी से जहां फाउंटेन का मजा मिलता है वहीं एक पिचकारी जिससे रंग उड़ने के साथ पिचकारी से म्यूजिक बजेगा, इसे भी बच्चे पसंद कर रहे है, वहीं मार्केट नियॉन बॉडी पेस्ट आया है जो कि वॉशेबल है. इस बार थोक बाजार में 10 से 1500 रुपये की पिचकारियां हैं.

इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स पिचकारी ऑनलाइन में जहां 2,200 से 2,300 रुपये की है वहीं थोक बाजार में यह 300 से 1.200 रुपये में आ रही है. इस बार होली का लोगों में जमकर उत्साह नजर आ रहा है. रंगों के साथ गोल्डन रंग और वार्निश व अच्छी क्वालिटी वाले पैक किए हुए रंगों की अच्छी मांग की जा रही है.