- Breaking News, Meeting, नागपुर समाचार, मनपा

नागपुर समाचार : ६००० प्रगणक और १००० सुपरवाइजर करेंगे जनगणना – मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी

नागपुर समाचार : मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने कहा कि जनगणना कार्यक्रम शीघ्र ही प्रारंभ होने जा रहा है। इसके लिए ६००० प्रगणकों और १००० सुपरवाइजरों की नियुक्ति की जाएगी। इस राष्ट्रीय कार्य में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नागपुर महानगरपालिका में जनगणना सेल स्थापित किया जाएगा। पहले चरण में घरों का पंजीयन किया जाएगा और इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी।

क्रियान्वयन के संदर्भ में आयुक्त डॉ. चौधरी ने शुक्रवार को संबंधित सभी प्रमुख अधिकारियों तथा सहायक आयुक्तों की बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी., उपायुक्त मंगेश खवले, उपायुक्त गणेश राठोड़ तथा वृक्ष संवर्धक अमोल चौरपगार आदि उपस्थित थे। बैठक में आयुक्त ने कहा कि ‘जनगणना से जनकल्याण’ के उद्देश्य के साथ यह महत्वाकांक्षी कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर दो चरणों में संचालित किया।

मनपा में जनगणना सेल किया जाएगा स्थापित वर्ष २०११ की जनगणना के अनुसार नागपुर की जनसंख्या २४ लाख ५ हजार ६६५ थी, जिसमें पुरुषों की संख्या १२ लाख २५ हजार ४०५ तथा महिलाओं की संख्या ११ लाख ८० हजार २६० थी। इस जनगणना कार्य के लिए मनपा मुख्यालय में जनगणना सेल स्थापित किया जाएगा, जहां सर्वेक्षण के बाद प्राप्त जानकारी का संकलन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। कार्य में लापरवाही या टालमटोल करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण भी दो चरणों में होगा। पहले चरण का प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को योग्य कर्मचारियों का चयन करने के निर्देश दिए गए।