नागपुर समाचार : विश्व शांति और मानव कल्याण के उद्देश्य से राजस्थान के पवित्र तीर्थराज पुष्कर स्थित गायत्री शक्तिपीठ (मणिवेदिका पीठ) में 8 मार्च से 19 अप्रैल 2026 के मध्य आयोजित होने वाले 200 कुण्डीय शत (100) गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ के संदर्भ में नागपुर में आयोजित विप्र सभा श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुई।

अमृत भवन, नॉर्थ अंबाझरी रोड, नागपुर में आयोजित इस महत्वपूर्ण सभा में विप्र समाज के अनेक गणमान्य बंधु उपस्थित रहे। सभा की अध्यक्षता पूज्य स्वामी श्री प्रखर जी महाराज ने की तथा महायज्ञ की विस्तृत रूपरेखा, अनुष्ठान व्यवस्था और सहभागिता विषयक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस अवसर पर यज्ञ सम्राट खामी श्री प्रवर जी महाराज के संदेश का वाचन किया गया, जिसमें उन्होंने नागपुर तथा संपूर्ण महाराष्ट्र के ब्राह्मण समाज से इस दिव्य महायज्ञ में अधिकाधिक संख्या में पधारकर राष्ट्र निर्माण और विश्व कल्याण के इस आध्यात्मिक अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में वैदिक मंत्रशक्ति और यज्ञीय ऊर्जा के माध्यम से सकारात्मक चेतना का प्रसार समय की आवश्यकता है। “दैवाधीनं जगत् सर्वं, मन्त्राधीनाश्च देवताः” की भावना के साथ यह महायज्ञ विश्व में शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विप्र बंधुओं ने एकमत से इस महायज्ञ में सक्रिय सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया तथा आयोजन को सफल बनाने हेतु सहयोग का आश्वासन दिया। अधिक जानकारी के लिए 9665054508 पर संपर्क किया जा सकता है।




