IPL समाचार : सूर्यकुमार यादव (60) की फिफ्टी के बाद भी मुंबई इंडियंस को लीग स्टेज के अपने आखिरी मैच में हार का सामना करना पड़ा। रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई को 30 रन से मात दी। इसके साथ ही राजस्थान (7वीं बार) प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है।
राजस्थान के 16 अंक हैं। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी। राजस्थान की जीत से पंजाब किंग्स की उम्मीदों पर पानी फिर गया।

प्लेऑफ की 4 टीम
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 18 प्वाइंट (+0.783)
- गुजरात टाइंटस: 18 प्वाइंट (+0.695)
- सनराइजर्स हैदराबाद: 18 प्वाइंट (+0.524)
- राजस्थान रॉयल्स: 16 प्वाइंट (+0.189)
राजस्थान की खराब शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने पावरप्ले में 3 विकेट गंवा दिए। 33 के स्कोर पर टीम को 2 झटके लगे। चौथे ओवर में यशस्वी जायसवाल (27) और 5वें में वैभव सूर्यवंशी कैच आउट हुए। वैभव सूर्यवंशी आज फीके नजर आए और उन्होंने 6 गेंदों पर 4 रन की धीमी पारी खेली। दीपक चाहर ने वैभव को नमन धीर के हाथों कैच आउट कराया।
मिडिल ऑर्डर ने संभाला
इसके बाद मिडिल ऑर्डर ने राजस्थान की पारी को संभाला और छोटी-छोटी पारियां खेलकर राजस्थान के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। ध्रुव जुरैल (38), कप्तान रियान पराग (14), दासुन शनाका (29), डोनोवन फेरेरा (18) और अंत में जोफ्रा आर्चर ने 15 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली। रवींद्र जडेजा ने शार्दुल ठाकुर के ओवर में मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और वह 11 गेंदों पर 19 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई की ओर से दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए। इस मैच के लिए जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया था।
रोहित का नहीं खुला खाता
206 रन चेज करने उतरी मुंबई इंडियंस को पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने झटका दिया। रोहित शर्मा ने खाता खोले बिना ही ध्रुव जुरैल को विकेट के पीछे कैच थमा दिया। इसके साथ ही रोहित ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी बनाया। रोहित आईपीएल में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए।
IPL में सबसे ज्यादा डक
- 19 – ग्लेन मैक्सवेल
- 19 – रोहित शर्मा
- 18 – दिनेश कार्तिक
- 18 – सुनील नारायण
- 16 – पीयूष चावला
- 16 – राशिद खान
पावरप्ले में गंवाए 4 विकेट
पहले ओवर में गिरे विकेट का सिलसिला जारी रहा और पावरप्ले में मुंबई ने कुल 4 विकेट खो दिए। तीसरा ओवर करने आए आर्चर ने नमर धीर (6) को बोल्ड किया। रयान रिकल्टन (12) और तिलक वर्मा (3) का भी बल्ला नहीं चला। 4 झटकों के बाद सूर्यकुमार यादव ने विल जैक्स के साथ पारी को संभाल। इस दौरान 8वें ओवर में स्काई को जीवनदान भी मिला।
एक IPL संस्करण में MI के लिए सर्वाधिक छक्के
- 38- सूर्यकुमार यादव, 2025 में
- 38 – रयान रिकेलटन, 2026 में
- 31 – सनथ जयसूर्या, 2008 में
- 30 – ईशान किशन, 2020 में
- 29 – कीरोन पोलार्ड, 2013 में
- 29- हार्दिक पांड्या, 2019 में
सूर्या ने खेली 60 रन की पारी
सूर्या और जैक्स के बीच 5वें विकेट के लिए 38 गेंदों पर 63 रन की साझेदारी हुई। यशराज पुंजा ने जैक्स का विकेट चटकाकर इस साझेदारी को तोड़ा। जैक्स ने 18 गेंदों पर 33 रन बनाए। इसके बाद सूर्या का एक और कैच छूट गया। 2 जीवनदान का स्काई ने पूरा फायदा उठाया और 32 गेंदों पर इस सीजन की दूसरी फिफ्टी जड़ दी। दूसरे छोर से कप्तान हार्दिक पांड्या तेजी से रन बना रहे थे। 16वें, 17वें और 18वें ओवर में मुंबई को 3 झटके लगे। हार्दिक (34), कार्बिन बॉश (2) और सूर्यकुमार (60) की पारी का अंत हुआ।




