- Breaking News, Meeting, नागपुर समाचार, मनपा

नागपुर समाचार : नागपुर शहर की आय बढ़ाओ, अतिक्रमण हटाओ

नागपुर समाचार : शहर के विकास को रफ्तार देने और मनपा की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से महापौर नीता ठाकरे ने बुधवार को मनपा मुख्यालय में करीब तीन घंटे तक मैराथन समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शहर की आय बढ़ाना और नागपुर को अतिक्रमण मुक्त बनाना प्राथमिकता में होना चाहिए।

इस दौरान उपमहापौर लीला हाथीबेड, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी. सहित मुख्य अभियंता मनोज तालेवार, मुख्य वित्त एवं लेखा अधिकारी सदाशिव शेलके, उपायुक्त तथा मनपा सचिव डॉ. रंजना लाडे, उपायुक्त निर्भय जैन, मंगेश खवले, गणेश राठोड, अशोक गराटे, मिलिंद मेश्राम, डॉ. मेघना वासनकर, राजेश भगत, नगररचना विभाग के उपसंचालक गिरीश गोडबोले, अधीक्षक अभियंता डॉ. श्वेता बनर्जी, अधीक्षक अभियंता लीना उपाध्ये सहित सभी जोन के सहायक आयुक्त कार्यकारी अभियंता और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

इस बैठक में महापौर नीता ठाकरे ने मनपा के विभाग प्रमुखों से एक-एक परियोजना की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने संपत्ति कर व अन्य स्रोतों से राजस्व बढ़ाने के ठोस प्रस्ताव तैयार करने को कहा। ठाकरे का कहना था कि आय बढ़ेगी तभी नागरिकों को बेहतर सड़क, पानी, सफाई और उद्यान जैसी सुविधाएं लगातार दी जा सकेंगी।

नागपुर शहर में तेजी से बढ़ रही अतिक्रमण की समस्या के प्रति चिंता जताते हुए महापौर ठाकरे ने फुटपाथ खाली कराने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंन कहा कि पैदल चलने वालों को सुरक्षित और खुला मार्ग मिलना ही चाहिए। बाजार क्षेत्रों में रात के समय नियमित सफाई, दुषित पानी की समस्या पर त्वरित कार्रवाई और घनकचरा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के भी निर्देश महापौर ने दिए।

इसके अलावा वर्षा जल संचयन को अनिवार्य रुप से लागू करने, आवारा कुत्तों की समस्या पर ठोस योजना बनाने और अंबाझरी तालाब से जलकुंभी हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर के महत्वपूर्ण मुद्दों पर अब ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय में परिणाम दिखने ही चाहिए।