

जय शाह ने टीमों को दी शुभकामनाएं
खेल समाचार : आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने महिला टी२० विश्व कप २०२६ के आगाज से पहले सभी १२ प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट को महिला क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा और भव्य संस्करण बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए जय शाह ने कहा कि इंग्लैंड और वेल्स में आयोजित होने वाला यह विश्व कप कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार टूर्नामेंट में १२ टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि रिकॉर्ड दर्शकों और अब तक के सबसे व्यापक वैश्विक प्रसारण की भी उम्मीद है।
जय शाह ने अपने संदेश में कहा, ‘महिला टी २० विश्व कप के अब तक के सबसे बड़े संस्करण में हिस्सा लेने वाली सभी १२ टीमों को शुभकामनाएं। इंग्लैंड और वेल्स के प्रतिष्ठित स्टेडियम रिकॉर्ड दर्शकों की मेजबानी करेंगे और यह टूर्नामेंट दुनियाभर के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को जोड़ने वाला यादगार आयोजन साबित होगा।’
१२ जून से होगा टूर्नामेंट का आगाज महिला टी२० विश्व कप २०२६ का पहला मुकाबला १२ जून को खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट का १०वां संस्करण होगा और २००९ के उद्घाटन संस्करण के बाद पहली बार इंग्लैंड इसकी मेजबानी करेगा। टूर्नामेंट में कुल ३३ मैच खेले जाएंगे, जिनका आयोजन इंग्लैंड और वेल्स के सात प्रमुख क्रिकेट मैदानों पर किया जाएगा।
न्यूजीलैंड है मौजूदा चैंपियन
न्यूजीलैंड की महिला टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगी। व्हाइट फर्स ने २०२४ में यूएई में आयोजित महिला टी२० विश्व कप जीतकर पहली बार यह खिताब अपने नाम किया था। महिला टी२० विश्व कप के इतिहास में अब तक केवल चार देशों ने खिताब जीता है। इनमें ऑस्ट्रेलिया सबसे सफल टीम रही है, जिसने रिकॉर्ड छह बार ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड एक-एक बार चैंपियन बने हैं।
पहली बार १२ टीमों की भागीदारी
टूर्नामेंट में कुल १२ टीमें हिस्सा लेंगी। मेजबान इंग्लैंड को सीधे प्रवेश मिला है, जबकि ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज ने आईसीसी रैंकिंग के आधार पर क्वालिफाई किया। इसके अलावा बांग्लादेश, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स ने ग्लोबल कालिफायर के जरिए जगह बनाई। खास बात यह है कि नीदरलैंड्स पहली बार महिला टी२० विश्व कप में हिस्सा लेगा। ग्रुप चरण में प्रत्येक टीम पांच-पांच मैच खेलेगी। दोनों समूहों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
कब होंगे सेमीफाइनल और फाइनल ?
- वार्म-अप मुकाबलों की शुरुआत छह जून से डर्बी, लॉफबोरो और कार्डिफ में हो चुकी है।
- पहला सेमीफाइनलः ३० जून, द ओवल दूसरा सेमीफाइनलः २ जुलाई, द ओवल फाइनलः ५ जुलाई, लॉर्ड्स





