- Breaking News

रायपूर समाचार : रायपुर में काव्य महाकुं; कवि लीलाधर सिन्हा को “शब्द शिखर सम्मान”

रायपुर समाचार : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था वक्त मंच वृन्दावन काव्य मंच द्वारा 31 मई को एक भव्य काव्य महाकुंभ एवं रचनाकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कवियों, साहित्यकारों एवं रचनाकारों को उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए “शब्द शिखर सम्मान” से सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के भंडारपुर निवासी युवा कवि एवं साहित्यकार लीलाधर सिन्हा को उनकी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों, उत्कृष्ट कहानी लेखन तथा साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान के लिए “शब्द शिखर सम्मान” से नवाजा गया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह, मोमेंटो एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

लीलाधर सिन्हा की रचनाओं में सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाएं तथा राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है। उनकी कविताएं और कहानियां पाठकों के हृदय को स्पर्श कर उन्हें विचार करने के लिए प्रेरित करती हैं। उनके इसी समर्पण एवं साहित्यिक योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों, साहित्यकार साथियों तथा पूरे खैरागढ़ क्षेत्र में हर्ष का वातावरण व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि लीलाधर सिन्हा जैसे युवा रचनाकार अपनी लेखनी के माध्यम से जिले एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित कर रहे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गीतेश अमरोही थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. संयुक्ता गांधी ने की। विशिष्ट अतिथियों में पत्रकार सुनील अग्रवाल सहित अनेक साहित्यकार, कवि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में डोंगरगढ़-खैरागढ़ क्षेत्र के साहित्यकार अमृत दास साहू की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

उल्लेखनीय है कि वक्त मंच विगत 34 वर्षों से साहित्य, संस्कृति एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहा है तथा प्रदेश के कवियों एवं लेखकों को सम्मानित कर साहित्यिक चेतना को नई दिशा प्रदान कर रहा है।