IPL समाचार : पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 23 रनों से जीत हासिल की। इसी के साथ उन्होंने प्लेऑफ के लिए टिकट पक्का कर लिया है। बेंगलुरु आईपीएल 2026 की पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है। बेंगलुरु के लिए विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने अर्धशतक लगाया था।
बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 222 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में पंजाब की टीम 199 रन बना सकी और उन्हें लगातार 6 हार का सामना करना पड़ा। पंजाब के लिए अब प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए दूसरी टीमों पर निर्भर रहना होगा लेकिन उन्हें अपना अगला मैच जीतना होगा।

विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की बल्लेबाजी
पंजाब किंग्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेंगलुरु ने 21 रनों के स्कोर पर जैकब बेथेल के रूप में पहला विकेट गंवाया। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी हुई। विराट कोहली ने आईपीएल में अपने करियर का 67वां अर्धशतक लगाया। वे 37 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। पडिक्कल अर्धशतक लगाने से चूक गए और 45 रन बनाकर आउट हुए।
वेंकटेश अय्यर ने वापसी कर मचाया गदर
आईपीएल 2026 में वेंकटेश अय्यर को पंजाब के खिलाफ मुकाबले से पहले सिर्फ 3 मैचों में मौका मिला था। हालांकि, वे निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए आ रहे थे और इसी वजह से बड़ी पारी नहीं खेल सके थे। हालांकि, पंजाब के खिलाफ बैटिंग क्रम में उनका प्रमोशन किया गया और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए। पहली 10 गेंदों पर उन्होंने समय लिया लेकिन एक बार आंखें जमने के बाद उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।
अय्यर ने 40 गेंदों पर नाबाद 73 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 4 छक्के निकले। टिम डेविड ने भी अंतिम ओवर में अपनी पावर दिखाई और 12 गेंदों पर 28 रन बनाए। अय्यर के अर्धशतक के दम पर आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 222 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।
भुवनेश्वर कुमार की कहर बरपाती गेंदबाजी
भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में कमाल की गेंदबाजी की है। उन्होंने धर्मशाला में भी नई गेंद के साथ जादू दिखाया और शुरुआत में 2 विकेट झटककर पंजाब को मुश्किल में डाल दिया। पंजाब की टीम ऐसी है, जिसने इस सीजन 265 रनों का विशाल स्कोर भी चेज किया था। ऐसे में बेंगलुरु को शुरुआत में ही विकेट की तलाश थी। भुवी ने वही किया और प्रियांश आर्या (0) और प्रभसिमरन सिंह (2) दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
श्रेयस अय्यर का भी नहीं चला बल्ला
कप्तान श्रेयस अय्यर टूर्नामेंट की शुरुआत में शानदार फॉर्म में थे लेकिन दूसरे हॉफ में फॉर्म ने उनका साथ छोड़ दिया है। अय्यर को रासिख सलाम डार ने 1 रन के स्कोर पर मैदान से बाहर भेजा। इसी के साथ पंजाब ने 19 रनों पर ही 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद सूर्यांश शेडगे और कूपर कोनोली ने मोर्चा संभाला। कोनोली बड़े शॉट्स खेलकर दबाव को कम करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने अपना शिकार बनाया और 37 रन के स्कोर पर आउट कर दिया। शेडगे भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 35 रन बनाकर आउट हो गए।
मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह की साझेदारी
पंजाब ने 5 विकेट गंवाने के बाद मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 32 गेंदों पर 67 रनों की साझेदारी हुई। जब ये दोनों खेल रहे थे, तो ऐसा लग रहा था कि पंजाब मुकाबले में वापसी कर रही है लेकिन 17वें ओवर में गेंदबाजी करने के लिए आए जोश हेजलवुड ने पहली गेंद पर स्टोइनिस को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। वे 37 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ दोनों की साझेदारी टूट गई। शशांक क्रीज पर डटे रहे और 22 गेंदों पर अर्धशतक लगाया।
पंजाब किंग्स को मिली हार
शशांक सिंह का अर्धशतक भी पंजाब को जीत नहीं दिला सका। पीबीकेएस को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 40 रनों की जरूरत थी। 19वें ओवर में जोश हेजलवुड गेंदबाजी करने के लिए आए और उन्होंने मात्र 7 रन खर्च किए। 20वें ओवर में रासिख सलाम डार ने गेंदबाजी की और उन्होंने शशांक को 56 रनों के स्कोर पर आउट कर दिया। उन्होंने ओवर में 9 रन दिए और बेंगलुरु ने 23 रनों से जीत हासिल की।




