IPL समाचार : फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन के अर्धशतक के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस को 29 रनों से हरा दिया है। कोलकाता ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाए थे और गुजरात को जीत के लिए 248 रनों का लक्ष्य दिया था।
गुजरात की टीम मुकाबले में 4 विकेट के नुकसान पर 218 रन बना सकी और मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ कोलकाता ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। कोलकाता अगर अपने अगले मुकाबले भी जीत लेती है, तो उनका टॉप-4 में पहुंचना संभव हो सकता है।

फिन ने फिर दिखाया फन
सत्र के आरंभिक मैचों में विफल रहे कीवी बल्लेबाज एलन फिन अब लय में आ गए हैं। उन्होंने मात्र 35 गेंदों पर 93 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें चार चौके व 10 छक्के शामिल रहे। फिन पहली कुछ गेंदों पर शांत दिखे, लेकिन उसके बाद आक्रामक रूख अख्तियार कर लिया। उन्होंने 21 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। उसके बाद वे और उग्र हो उठे और सिर्फ चौके-छक्के से बात करनी शुरू कर दी।
स्टेडियम में मौजूद कोलकाता के समर्थक भी उनकी बल्लेबाजी देख झूम उठे। चुनाव खत्म होने के बाद कोलकाता में हुए पहले मैच में फिन की बल्लेबाजी ने उनके मन को तरोताजा कर दिया। फिन ने मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर, कगिसो रबाडा, जेसन होल्डर से लेकर राशिद खान व अरशद खान तक किसी को नहीं बख्शा। उन्होंने राशिद खान का स्वागत दो छक्कों व एक चौके से किया।
अरशद के ओवर में तीन छक्के
इसी तरह अरशद खान के पहले ही ओवर में तीन छक्के व एक चौका लगाया। फिन ने शेष 43 रन मात्र 14 गेंदों पर बनाए। आखिरकार साई किशोर ने उनका विकेट लेकर टीम को राहत दिलाई। फिन को हालांकि दो बार जीवनदान भी मिला। पहले सिराज की गेंद पर होल्डर व उसके बाद होल्डर की गेंद पर सिराज ने उनका कैच छोड़ा। फिन ने इससे पहले दिल्ली के विरुद्ध 47 गेंदों पर अविजित शतक जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी।
अंगकृष का जलवा
21 साल के अंगकृष ने मात्र 44 गेंदों पर अविजित 82 रनों की एक और लाजबाव पारी खेल सत्र का पांचवां अर्धशतक जड़ा। उनकी पारी में चार चौके व सात छक्के शामिल रहे। अंगकृष ने 2022 में हुए अंडर-19 विश्वकप में ही भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाकर अपनी प्रतिभा दिखा दी थी। ग्रीन ने भी 28 गेंदों पर अविजित 52 रन बनाए, जिनमें तीन चौके व चार छक्के शामिल थे।
गुजरात ने छोड़े कई कैच
इस मैच में गुजरात का क्षेत्ररक्षण कमजोर पक्ष के रूप में नजर आया। पहले सिराज व होल्डर ने फिन का कैच छोड़ा, फिर राशिद खान की गेंद पर अरशद खान ने कैमरन ग्रीन का कैच टपका दिया। आखिर के ओवर में रबाडा की गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर ने भी ग्रीन का आसान सा कैच छोड़ दिया।
सिराज के 200 विकेट
मोहम्मद सिराज ने अपने तीसरे ओवर में रहाणे को बोल्ड आउट कर टी20 क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे कर लिए। सिराज इस सत्र में शानदार फॉर्म में हैं। वे अब तक 14 विकेट चटका चुके हैं। वहीं, केकेआर ने गुजरात के विरुद्ध मैच में एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह घरेलू मैदान में 100 मैच खेलने वाली आईपीएल की दूसरी टीम बन गई है। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने घरेलू मैदान में 100 मैच खेले हैं।
शुभमन गिल का अर्धशतक
कोलकाता के 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 33 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा और इसी के साथ सीजन में 500 रन भी पूरे कर लिए। इससे पहले साई सुदर्शन भी चोटिल हो गए और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए आए निशांत सिंधु एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जोस बटलर और गिल ने मोर्चा संभाला। गिल 48 गेंदों पर 85 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें सुनील नरेन ने अपना शिकार बनाया।
जोस बटलर की फिफ्टी भी नहीं दिला सकी जीत
गिल के बाद जोस बटलर ने भी अर्धशतक लगाया लेकिन उनकी पारी भी गुजरात को जीत नहीं दिला सकी। बटलर 35 गेंदों पर 57 रन बनाकर आउट हुए। चोट की वजह से बाहर गए साई सुदर्शन दोबारा बल्लेबाजी करने के लिए आए और फिफ्टी लगाई। उन्होंने नाबाद 53 रनों की पारी खेली। गुजरात की टीम 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 218 रन बना सकी और मुकाबले में उन्हें 29 रनों से हार का सामना करना पड़ा।




