IPL समाचार : आईपीएल के 19वें सीजन का 14वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने पहले दोनों मुकाबले जीतकर उतरी है। वहीं गुजरात टाइटंस की टीम अपने पहले दोनों मुकाबले हारकर यहां मैच खेल रही है।
दिल्ली की कप्तानी जहां एक बार फिर अक्षर पटेल कर रहे हैं। वहीं पिछले मुकाबले में चोट की वजह से बाहर रहे गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने इस मैच से वापसी की है। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात टाइटन्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 210 रन बना लिए हैं। गुजरात ने दिल्ली कैपिटल्स को 211 रनों का लक्ष्य दिया है।

गुजरात की तरफ से सबसे ज्यादा रन कप्तान शुभमन गिल ने बनाए। उन्होंने 70 रनों की पारी खेली। वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने 55 और जोस बटलर ने भी 52 रनों की पारी खेली। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने सबसे अधिक दो विकेट अपने नाम किए। लुंगी एंगिडी और कुलदीप यादव को भी एक-एक विकेट मिला।
रोमांचक मुकाबले में जीता गुजरात
गुजरात टाइटन्स की तरफ से मिले 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स बेहद रोमांचक मुकाबले में हार गई है। गुजरात ने इस सीजन की पहली जीत मात्र 1 रन से दर्ज की है। 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज केएल राहुल ने सबसे अधिक 92 रन बनाए। उनके अलावा डेविड मिलर ने 41 नाबाद और पथुम निसांका ने 41 रनों की पारी खेली।
दिल्ली को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रनों की जरूरत थी, वहीं आखिरी दो गेंदों में जीत के लिए दो रनों की जरूरत थी। हालांकि, गुजरात के गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने आखिरी दो गेंद डॉट फेंककर मात्र 1 रन से मैच गुजरात की झोली में डाल दिया। गुजरात की तरफ से राशिद खान ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की। राशिद खान ने अपने कोटे के 4 ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट अपने नाम किया।
क्या गजब का मैच हुआ
यह आईपीएल के 19वें सीजन का सबसे रोमांचक मुकाबला था। दर्शकों को क्या गजब का मैच देखने को मिला। दिल्ली कैपिटल्स 211 रनों के चेज के दौरान मैच में अधिकतर मौकों पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी थी। हालांकि, राशिद खान के स्पेल ने मैच को रोमांचक बनाया। इसके बाद मोहम्मद सिराज ने केएल राहुल का विकेट लेकर गुजरात की वापसी करवाई। वहीं डेविड मिलर एक ऐसी पारी खेल रहे थे, जिससे लग रहा था कि दिल्ली मैच जीत जाएगी।
आखिरी ओवर में दिल्ली को 13 रनों की जरूरत थी और पहली चार गेंदों पर 11 रन बन भी गए थे। लेकिन आखिर दो गेंदों में दो रन नहीं बन पाए। मिलर ने पांचवीं गेंद पर आसान सिंगल लेने से मना कर दिया था और आखिरी गेंद उनके बैट से नहीं लगी। इस तरह दिल्ली एक रन से मुकाबला हार गई।




