नागपुर समाचार : विदर्भ के आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाले विदर्भ इकोनॉमिक डेवलपमेंट काउंसिल ने अपनी स्थापना के 30 वर्ष पूर्ण होने पर एक ऐतिहासिक पहल की घोषणा की है। इस अवसर पर काउंसिल द्वारा राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय, लेमन आइडियाज और विदर्भ इन्फोटेक के सहयोग से 10 और 11 अप्रैल 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में “विकसित भारत नागपुर स्टार्टअप कॉन्क्लेव” का आयोजन किया जा रहा है।
काउंसिल की अध्यक्ष रीना सिन्हा ने बताया कि यह कॉन्क्लेव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि नवाचार आधारित भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें और नागपुर को वैश्विक स्टार्टअप केंद्र के रूप में स्थापित करें।

लेमन आइडियाज के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक मेनारिया ने कहा कि यह कॉन्क्लेव उद्यमिता और नवाचार की भावना का उत्सव है, जहां देशभर से स्टार्टअप संस्थापक और युवा इनोवेटर्स एक साथ आएंगे। इस आयोजन में “इनोप्रेन्योर्स ग्लोबल स्टार्टअप प्रतियोगिता” के 12वें सीजन का भव्य फाइनल भी आयोजित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मनीषा क्षीरसागर ने कहा कि यह आयोजन विश्वविद्यालय परिसर को नवाचार के लॉन्चपैड में परिवर्तित करेगा और “नागपुर बेस्ट स्टार्टअप अवॉर्ड” के माध्यम से प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, वीआईपीएल के प्रबंध निदेशक प्रशांत उगेमुगें ने इसे नागपुर के उद्यमशील भविष्य को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
दो दिवसीय इस आयोजन में देशभर से 40 से अधिक स्टार्टअप और युवा नवप्रवर्तक भाग लेंगे। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस टेक्नोलॉजी, एग्री-टेक और बायोटेक जैसे क्षेत्रों में नवीनतम नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही स्टार्टअप पिच, इनोवेशन शोकेस और उद्योग विशेषज्ञों के साथ पैनल चर्चाएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समापन समारोह में महाराष्ट्र सरकार के राज्य मंत्री पंकज भोयर मुख्य अतिथि होंगे। वहीं नागपुर की मंडलायुक्त विजयलक्ष्मी बिदारी, नागपुर महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपिन इतंकर और महाराष्ट्र स्टेट इनोवेशन सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीकांत पाटिल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने आम जनता, विद्यार्थियों और उभरते उद्यमियों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर विदर्भ के औद्योगिक परिवर्तन में सहभागी बनने का आह्वान किया है।




