- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपूर समाचार : एसआईआर में टालमटोल किया तो होगी कार्रवाई, नवनियुक्त जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

नागपुर समाचार : केंद्रीय चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की शुरुआत की है। इसके तहत मतदाताओं का सत्यापन (मैपिंग) किया जा रहा है। हालांकि इस महत्वपूर्ण कार्य की गति बेहद धीमी है और नागपुर अभी भी रेड जोन’ में बना हुआ है। हालत यह है कि कई बीएलओ अभी तक ड्यूटी पर ज्वाइन ही नहीं हुए हैं। ऐसे बीएलओ को अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा और सोमवार के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी चुनाव विभाग ने दी है।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, नवनियुक्त जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने मंगलवार एसआईआर के संबंध में बैठक ली और काम में टालमटोल करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। ड्यूटी पर उपस्थित न होने वाले बीएलओ को २ बार शोकॉज नोटिस दिया जा चुका है। अब अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा जिसके बाद निलंबन सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कुछ बीएलओ ड्यूटी पर तो आ गए हैं लेकिन काम नहीं कर रहे हैं ऐसे कर्मचारियों को भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

एसआईआर का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसी महीने इसका प्रत्यक्ष कार्य शुरू होना है। वर्ष २००२ की मतदाता सूची को आधार मानते हुए वर्ष २०२४ की मतदाता सूची को अंतिम माना जाएगा। दोनों सूचियों में नाम होने वाले मतदाताओं के साथ-साथ डुप्लीकेट नाम, अस्पष्ट फोटो आदि की जानकारी एकत्र की जा रही है। जिले में कुल ४,६१० मतदान केंद्र हैं। पहले ४०० और उसके बाद २५० बीएलओ को कार्य पर नहीं आने के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे।

इसके बावजूद अभी तक १०० से अधिक बीएलओ कार्य पर उपस्थित नहीं हुए हैं। इसी कारण जिला रेड जोन’ में है। जिले में ४१ लाख से अधिक मतदाता हैं जिनमें से अब तक केवल ३६ प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा हुआ है। विभाग के अधिकारी ने बताया कि बीएलओ की एक मोबाइल एप भी उपलब्ध कराया गया है। इस एप के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है।