- Breaking News, Chif Reporter - Wasudeo Potbhare, IPL 2026

IPL समाचार : दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपरजायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया। यह DC की LSG पर लगातार पांचवीं जीत

IPL समाचार : आईपीएल 2026 के 5वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने 142 रनों के टारगेट आसानी से हासिल कर लिया और LSG की टीम पर अपने दबदबे को बरकरार रखा. दिल्ली ने लगातार 5वीं बार लखनऊ सुपर जायंट्स को आईपीएल में धूल चटाई. साल 2023 से बाद दिल्ली ने LSG के खिलाफ एक भी मैच नहीं गंवाया है.

दिल्ली के गेंदबाजों ने बरपाया कहर

इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो सही साबित हुआ. लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी 18.4 ओवर में 141 रनों पर सिमट गई. टीम की ओर से अब्दुल समद ने 36 रन और मिचेल मार्श ने 35 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. दिल्ली की गेंदबाजी में लुंगी एन्गिडी और टी नटराजन सबसे सफल गेंदबाज रहे.

इन दोनों गेंदबाजों ने 3-23 विकेट झटके. वहीं, कुलदीप यादव ने 2 विकेट लेकर लखनऊ को बड़ा स्कोर बनाने से रोका. कप्तान अक्षर पटेल भी 1 सफलता अपने नाम करने में कायमाब रहे.

समीर रिजवी की मैच विनिंग पारी

रन चेज के दौरान दिल्ली की शुरुआत काफी खराब रही. पारी की पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने केएल राहुल को आउट कर दिया. इसके बाद नितीश राणा (15), पाथुम निसांका (1) और अक्षर पटेल (0) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए. सिर्फ 4.3 ओवर में दिल्ली 26 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी और मैच लखनऊ के पक्ष में नजर आ रहा था. इसी मुश्किल स्थिति में युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने मैच का रुख बदल दिया.

इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. उनका स्ट्राइक रेट भी 148.93 का रहा. रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स (39*) के साथ पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की शानदार साझेदारी की, जिसमें रिजवी का योगदान सबसे बड़ा रहा. इस साझेदारी के चलते दिल्ली ने 17.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया और जीत के साथ सीजन का आगाज किया.