IPL समाचार : आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला 29 मार्च को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. जहां मुंबई की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए छह विकेट से बाजी मारने में कामयाब रही. केकेआर की तरफ से जीत के लिए मिले 221 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रयान रिकलटन का बल्ला खूब चला. पारी का आगाज करते हुए उन्होंने 43 गेंदों में 188.37 की स्ट्राइक रेट से 81 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 205.26 की स्ट्राइक रेट से 78 रनों का योगदान दिया. चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा 14 गेंद में 20 और पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कैप्टन हार्दिक पंड्या 11 गेंद में नाबाद 18 रन बनाने में कामयाब रहे.

वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नारायण ने चटकाए एक-एक विकेट
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आज के मुकाबले में कुल तीन गेंदबाजों ने सफलता प्राप्त की. जिसमें वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नारायण का नाम शामिल है. वैभव ने रोहित शर्मा (78), कार्तिक ने सूर्यकुमार यादव (16) और नारायण ने तिलक वर्मा (20) को आउट किया.
220 रन बनाने में कामयाब हुई थी कोलकाता नाइट राइडर्स
इससे पहले मुंबई में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए कैप्टन अजिंक्य रहाणे सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 40 गेंद में 67 रन की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंद में 51 रनों का योगदान दिया. इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा फिन ऐलन 17 गेंद में 37 और रिंकू सिंह 21 गेंद में नाबाद 33 रन बनाने में कामयाब रहे




