नागपुर समाचार : श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर रामनगर स्थित श्रीराम हनुमान मंदिर देवस्थान और पश्चिम नागपुर नागरिक संघ की ओर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। गुरुवार शाम जय जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। मंदिर परिसर से निकली इस शोभायात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों पालखी और रथ पूजन के साथ हुई।
पालखी पूजन के दौरान पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, सांसद मायाताई इवनाते, विधायक विकास ठाकरे, मोहन मते सहित पश्चिम नागपुर नागरिक संघ के अध्यक्ष रवि वाघमारे, सचिव राजीव काले, कोषाध्यक्ष अशोक गुजरकर, शोभायात्रा समिति की अध्यक्ष शिवानी दाणी, कार्याध्यक्ष योगेश पाचपोर, एड, आनंद परचुरे, डॉ. परिणिता फुके, लोकेश आष्टणकर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
शोभायात्रा में रामनगर, धरमपेठ, शंकरनगर, बजाजनगर, सदर सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक सभी ने उत्साह से सहायता की। ढोल-ताशों की धुन और श्रीराम भजनों पर युवा नाचते-गातें जय श्रीराम का जयघोष करते नजर आए। वह शोभायात्रा श्रद्धा, संस्कृति और एकता का प्रतीक बनी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए शरबत, लस्सी, महाप्रसाद और फराल के स्टॉल लगाए गए थे।
प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद सभी पर बना रहे
सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि प्रभु श्रीराम सत्य, आदर्श और धर्म के प्रतीक हैं और उनका आशीर्वाद सभी पर बना रहे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि श्रीराम की कृपा से सभी का जीवन मंगलमय हो।
झांकियों ने खींचा ध्यान : इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां रहीं। राम रथ, विराट हनुमान, नंदी महादेव, महाकाल, गंगा अवतरण, कुंभकर्ण लक्ष्मण युद्ध, श्री नृसिंह अवतार, संत गाडगेबाबा, छत्रपति शिवाजी महाराज, अयोध्या रामलला मूर्ति, पंचमुखी हनुमान, तिरुपति बालाजी, वैष्णोदेवी दर्शन, कोराडी की मां जगदंबा आदि झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कराटे प्रदर्शन और विभित्र धुमाल पथकों ने शोभायात्रा को और आकर्षक बनाया।
छह किलोमीटर का भक्तिमय सफर
श्रीराम मंदिर से शुरु हुई यह शोभायात्रा बाजीप्रभु चौक, लक्ष्मी भुवन चौक, धरमपेठ कॉफी हाउस, झेंडा चौक, वीर सावरकर शंकरनगर चौक, बजाजनगर, गांधीनगर होते हुए लगभग छह किलोमीटर का सफर तय कर पुनः मंदिर पहुंची।




