नागपुर समाचार : बेसा-पिपला क्षेत्र में तीन दिवसीय “कला महोत्सव” के तीसरे वर्ष का शुभारंभ बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। महोत्सव के पहले दिन स्थानीय नागरिकों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, परिवारों एवं गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान सत्कार समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया गया। वहीं, मंच पर प्रस्तुत कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
आयोजकों ने बताया कि यह तीन दिवसीय कला महोत्सव क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। पहले दिन की शानदार शुरुआत के बाद आगामी दिनों में भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।




