- Breaking News, नागपुर समाचार, मनपा

नागपुर समाचार : ‘पिंक मैराथन’ से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश

महानगरपालिका का आयोजन, बड़ी संख्या में शहर की महिलाएं हुईं शामिल

नागपुर समाचार : नागपुर महानगरपालिका की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित ‘पिंक मैराथन’ प्रतियोगिता को महिलाओं का अच्छा समर्थन मिला। महिला शक्ति के जागरण और खोत्व के सम्मान के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में हजारों महिलाओं ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरुक रहने का संदेश दिया। यशवंत स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेविका अमृता फड़णवीस के हाथों हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर नीता ठाकरे ने की।

इस अवसर पर उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी वखरे, स्थापत्य व प्रकल्प समिति की सभापति अश्विनी जिचकार, क्रीड़ा समिति की सभापति दर्शनी धवड़, महिला व बालकल्याण समिति की सभापति सारिका नांदुरकर, जलप्रदाय समिति की सभापति दिव्या धुरडे, शिक्षा समिति की सभापति संतोषदेवी लड्डा, विधि समिति की सभापति निधि तेलगोटे, अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, वैष्णवी बी. आदि उपस्थित थीं। महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति से यह सुबह ऊर्जा से भर गई।

वहीं अमृता फड़णवीस ने कहा कि यदि महिलाओं का स्वास्थ्य मजबूत होगा तो समाज भी अधिक सशक्त बनेगा। इस अवसर पर उन्होंने अपने मधुर गायन से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत जुंबा डांस के माध्यम से प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुई। अमृता फड़णवीस के हाथों नवनिर्वाचित सभापतियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के अवसर पर महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी टीकाकरण के बारे में जनजागरण भी किया गया।

इस अभियान के तहत १४ से १५ वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। बताया गया कि यह अभियान गर्भाशय मुख के कैंसर के मामलों को कम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

विजेताओं को पुरस्कार

मैराथन प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की गई। १६ वर्ष से कम आयु की लड़कियों के लिए ३ किमी, सामान्य वर्ग के लिए ५ किमी और पिंक फन रन के लिए २ किमी की दौड़ का आयोजन किया गया। ३ किमी वर्ग में मिताली भोयर प्रथम, अंजलि मडावी द्वितीय और भव्यश्री महल्ले तृतीय रहीं। ५ किमी वर्ग में रूही रामेकर प्रथम, हिमांशी बावणे द्वितीय और रिशा रामेकर तृतीय स्थान पर रहीं। पिंक फन रन में मानसी ठाकरे, पूजा दुबे और अश्विनी पांढरे ने क्रमशः पहले तीन स्थान प्राप्त किए। प्रथम तीन विजेताओं की नगद पुरस्कार तथा अन्य प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार दिए गए। उत्कृष्ट वेशभूषा प्रतियोगिता में अनुष्का शर्मा, शिवण्या शर्मा, चंचल सोनुले और आनंदी बाबुल को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा ७५ वर्षीय शकुंतला काटनाडे ने ५ किलोमीटर की दौड़ पूरी करने पर विशेष सम्मान प्राप्त किया।