गोदींया समाचार : माननीय मुख्यमंत्री श्री. देवेंद्र फडणवीस जी द्वारा प्रस्तुत महाराष्ट्र राज्य का बजट आम नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने वाला और विकास को गति देने वाला है। इस बजट में सबसे पहले किसानों के हितों को प्राथमिकता दी गई है। राज्य के किसानों को राहत देने के लिए ₹2 लाख तक की कर्ज माफी की घोषणा की गई है तथा समय पर कर्ज चुकाने वाले किसानों को ₹50 हजार की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। साथ ही कृषि पंपों को बिजली अनुदान और विभिन्न कृषि योजनाओं के कारण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। गोंदिया जिले जैसे कृषि प्रधान क्षेत्रों के किसानों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी इस बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। ‘माझी लाडकी बहिण’ योजना के अंतर्गत महिलाओं को हर महीने ₹1500 की आर्थिक सहायता दी जा रही है और यह योजना आगे भी जारी रहेगी।
शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने की योजना को और व्यापक बनाया गया है। साथ ही ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास और शैक्षणिक सुविधाओं को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र को और मजबूत बनाने के लिए भी बड़े पैमाने पर निधि उपलब्ध कराई गई है। ग्रामीण अस्पतालों की क्षमता बढ़ाना, नागरिकों को किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना सरकार का स्पष्ट उद्देश्य इस बजट के माध्यम से दिखाई देता है।




