- Breaking News, PRESS CONFERENCE, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : नागपुर में 6-7 मार्च को नि:शुल्क कृत्रिम हाथ वितरण शिविर, 300 दिव्यांगों को मिलेगा नया सहारा

नागपुर समाचार : महावीर इंटरनेशनल सर्विस ट्रस्ट द्वारा 6 और 7 मार्च 2026 को नागपुर में नि:शुल्क प्रोस्थेटिक हैंड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर इनाली फाउंडेशन, पुणे तथा रोटरी क्लब पुणे डाउन टाउन के सहयोग से संपन्न होगा। आयोजन स्थल महावीर इंटरनेशनल सर्विस ट्रस्ट परिसर, सिंधी गुरु संगत के पास, सदर, नागपुर रहेगा।

शिविर सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगा। इस दो दिवसीय शिविर में लगभग 250 से 300 दिव्यांग एवं विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों को उन्नत, बैटरी संचालित इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ नि:शुल्क प्रदान किए जाने की अपेक्षा है। इन कृत्रिम हाथों की सहायता से लाभार्थी भोजन करना, लिखना, वस्तुएं पकड़ना, मोबाइल फोन चलाना तथा दैनिक कार्य स्वतंत्र रूप से कर सकेंगे। प्रत्येक लाभार्थी का विशेषज्ञ तकनीकी टीम द्वारा परीक्षण कर कस्टमाइज्ड फिटिंग की जाएगी, जिससे अधिकतम सुविधा और दीर्घकालिक उपयोग सुनिश्चित हो सके।

महावीर इंटरनेशनल सर्विस ट्रस्ट पिछले 33 वर्षों से “लव ऑल, सर्व ऑल” के ध्येय वाक्य के साथ समाजसेवा में सक्रिय है। ट्रस्ट द्वारा जयपुर फुट, एलएन-4 कृत्रिम हाथ, फिजियोथेरपी केंद्र, होम्योपैथी क्लिनिक, मातृ-पोषण किट, शिशु किट वितरण, विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक आहार सहायता तथा महिलाओं हेतु सेनेटरी पैड वितरण जैसे अनेक सेवा प्रकल्प संचालित किए जाते हैं।

इनाली फाउंडेशन, जिसकी स्थापना प्रशांत गाडे ने की है, कंपनी अधिनियम 2013 के अंतर्गत पंजीकृत एक सेक्शन 8 गैर-लाभकारी संस्था है। संस्था ने पिछले आठ वर्षों में देशभर में 13 हजार से अधिक कृत्रिम हाथ नि:शुल्क वितरित कर हजारों लोगों के जीवन में परिवर्तन लाया है। आयोजकों ने अस्पतालों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से पात्र लाभार्थियों को शिविर तक पहुंचाने का आह्वान किया है। पंजीकरण हेतु 7350834296 एवं 7499769121 पर संपर्क किया जा सकता है।