- Breaking News, नागपुर समाचार

नागपुर समाचार : आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 518 फ्लैट्स: घर के सपने को मिलेगी नई उड़ान

नागपुर समाचार : शहर के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के नागरिकों के लिए आवास का सपना अब साकार होने जा रहा है। नागपुर महानगरपालिका द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (एएचपी) के अंतर्गत 518 किफायती फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसकी जानकारी महापौर नीता ठाकरे और आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने प्रेस वार्ता में दी। ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 24 फरवरी दोपहर 3 बजे से शुरू होकर 31 मार्च 2026 रात 12 बजे तक चलेगी।

मौजा नारी में बनेगा आवासीय प्रकल्प

यह प्रकल्प उत्तर नागपुर के मौजा नारी क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसमें 210 एक बीएचके (478 वर्गफुट) और 308 दो बीएचके (619 वर्गफुट) फ्लैट बनाए जाएंगे। एक बीएचके की मूल कीमत 15.51 लाख रुपये तथा दो बीएचके की 21.01 लाख रुपये तय की गई है। प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 2.5 लाख रुपये की सरकारी अनुदान राशि मिलेगी, जिसके बाद प्रभावी कीमत क्रमशः 13.01 लाख और 18.51 लाख रुपये होगी।

आरक्षण और पात्रता शर्तें

परियोजना में अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित आवास रखे गए हैं। आवेदनकर्ता नागपुर महानगरपालिका क्षेत्र का निवासी होना चाहिए, उसके परिवार के नाम देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए तथा वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पंजीकरण शुल्क एक बीएचके के लिए 3,000 रुपये और दो बीएचके के लिए 5,000 रुपये निर्धारित है।

महापौर ने बताया कि परियोजना में पर्यावरण संरक्षण और वर्षा जल संचयन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। फ्लैटों का आवंटन संगणकीय प्रणाली से पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।