- Breaking News, नागपुर समाचार, शीतकालीन सत्र

नागपुर समाचार : पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग को लेकर विधानभवन परिसर में जमकर की गई नारेबाजी

शिक्षक विधायकों ने किया विधानभवन में आंदोलन

नागपुर समाचार : शिक्षकों व शासकीय कर्मचारियों को उनके हक की पुरानी पेंशन योजना मिलनी चाहिए. इसके लिए हम सदन के अंदर और बाहर लगातार प्रयास कर रहे हैं. कल भी हजारों की संख्या में राज्य के शिक्षक और कर्मचारी विधान भवन पर मोर्चा लेकर आए थे, क्योंकि शासकीय कर्मचारी, शिक्षक इन सबके पास कोई जमीन या खेती का आधार नहीं होता है.

नौकरी और वेतन, यही सिर्फ उनके मुख्य जीवन का आधार होते हैं. इसलिए बुढ़ापे की लाठी के तौर पर पेंशन को देखा जाता है. इसीलिए सेवानिवृत्त होने के बाद उनके परिवार के लिए एक आधार के रूप में पुरानी पेंशन योजना दी जानी चाहिए.

इन मांगों को लेकर शनिवार को विधान परिषद के शिक्षक विधायकों विक्रम काले, किशोर दराडे, किरण सरनाईक, ज्ञानेश्वर माथरे, जयंत आसगांवकर, जे.एम. अभ्यंकर ने विधान भवन की सीढ़ियों पर खड़े होकर आंदोलन किया. विधायकों ने हाथ में बैनर लिए नारेबाजी करते हुए पुरानी पेंशन योजना को लागू करने की मांग की.

विधायक विक्रम काले और किशोर दराडे ने कहा कि सरकार को शिक्षकों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना लागू करनी चाहिए. जो पुराने शिक्षक सेवा में थे, जिन पर टीईटी परीक्षा लागू ही नहीं थी, उन पर अब टीईटी परीक्षा लादना गलत है. उन्हें भी टीईटी से छूट देनी चाहिए. मार्च 2024 का संच मान्यता की जो अधिसूचना है, जिससे हजारों शिक्षक अतिरिक्त होने वाले हैं, उस जीआर को रद्द किया जाए. वरिष्ठ महाविद्यालयों का स्थायी शब्द हटाए. जो त्रुटिपूर्ण किए गए शिक्षक हैं, जो स्कूल हैं, जिन्होंने आखिरी वर्ग की छात्र संख्या पूरी कर ली है. ऐसे बचे हुए सभी स्कूलों, वर्ग खंडों को भी वेतन अनुदान देना चाहिए.