नागपुर समाचार : नागपुर के जयप्रकाश नगर, पावनभूमि क्षेत्र में तन्हा पोला पर्व पारंपरिक श्रद्धा और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। बच्चों और उनके परिवारों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया, जहाँ लोक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों का सुंदर संगम दिखाई दिया।
पर्व के अवसर पर बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान पहनकर अपने सजाए गए मिट्टी और लकड़ी के बैलों के साथ गलियों में जुलूस निकाले। इन तन्हा बैलों को रंग-बिरंगे कपड़ों, घंटियों, मोर पंखों और फूलों से सजाया गया था। ढोल-ताशों की थाप, पारंपरिक गीतों की गूंज और बच्चों की खिलखिलाहटों ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।
स्थानीय रहवासियों ने बच्चों के उत्साह को और बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया, जिनमें तन्हा बैल सजावट स्पर्धा, पारंपरिक नृत्य और गीत प्रस्तुतियाँ शामिल थीं। माता-पिता ने इस आयोजन को बच्चों के लिए एक सांस्कृतिक शिक्षा का माध्यम बताया, जिससे वे अपने ग्रामीण मूल और परंपराओं से जुड़ सकें।
जयप्रकाश नगर के वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि तन्हा पोला केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारी कृषि परंपरा का प्रतीक है, जिसमें हम बैल और खेती को सम्मान देते हैं। यह पर्व पीढ़ी दर पीढ़ी हमारी विरासत का हिस्सा रहा है।
पूरे आयोजन को स्थानीय निवासियों का भरपूर सहयोग मिला और यह पर्व समुदायिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का उदाहरण बन गया।